अगले माह होने वाले विश्व कप के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने देश से एकमात्र अंपायर के रूप में इंदौर के नितिन मेनन को चुना है। वे विश्व कप के पहले मैच के लिए मैदानी अंपायर नियुक्त हुए है। क्रिकेट का यह मुकाबला पांच अक्टूबर को अहमदाबाद के मोदी स्टेडियम में इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेला जाएगा। नितिन पहले भी कई मैचों में अंपायरिंग कर चुके है।
फिलहाल विश्व कप के सभी मैचों के लिए अंपायरों की नियुक्ति नहीं हुई है,लेकिन माना जा रहा है कि नितिन को छह से सात मैचों में जिम्मेदारी मिल सकती है। इसके बाद मेनन सबसे ज्यादा अंतरराष्ट्रीय वनडे मैचों में फैसला सुनाने वाले भारतीय अंपायर का रिकार्ड बना सकते है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर एस. वेंकटराघवन के नाम यह रिकार्ड है। उन्होंने 52 अंतरराष्ट्रीय मैचों में अंपायरिंग की है।
पिता भी रह चुके है अंपायर
नितिन मेनन आईसीसी के एलीट पैनल में शामिल देश के एकमात्र अंपायर हैं। नितिन के पिता नरेंद्र मेनन भी अंपायर रह चुके है। उन्होंने कई अंतरर्राष्ट्रीय मैचों में अंपायरिंंग की है। नितिन मेनन लगातार पांच बार से आइपीएल फाइनल में फैसला सुना रहे हैं।
39 वर्षीय नितिन अपने अंपायरिंग करियर में 20 टेस्ट, 40 अंतरराष्ट्रीय टी-20 मैच और 93 आइपीएल मैचों में अंपायरिंग कर चुके हैं। नितिन भारतीय क्रिकेटर भी रह चुके है। दाएं हाथ के बल्लेबाज रहे नितिन ने लिस्ट ए क्रिकेट टीम में मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया था। बाद में अंपायरिंंग को करियर के रुप में चुना। नितिन बीसीसीआई के ग्रेड ए प्लस अंपायर है।