मेयर ने लोगों के साथ किया शहर साफ
- फोटो : amar ujala digital
स्वच्छता अब इंदौर की आदत बन चुकी है। रहवासियों को झाडू उठाकर शहर साफ करने में हिचक नहीं होती। इंदौर स्वच्छता के मामले में देश में नंबर वन क्यों है? यह शहरवासियों ने शनिवार को बता दिया। गोगा नवमी के कारणशहर के पांच हजार सफाईकर्मी अवकाश पर थे। इसके बावजूद शहर की सड़कों पर गंदगी नहीं दिखी। शहरवासियों ने जनप्रतिनिधियों के साथ शहर को एक दिन साफ रखने का बीड़ा उठाया।
शनिवार सुबह रहवासी संघों ने अपनी अपनी काॅलोनियों में झाडू लगाई। जनप्रतिनिधियों के साथ रहवासियों ने मंदिरों में, सार्वजनिक उद्यानों में सफाई की। शहर में डेढ़ सौ से ज्यादा सामाजिक, धार्मिक संगठनों ने झाडू लगाकर स्वच्छता का संदेश दिया। राजवाड़ा पर मेयर पुष्यमित्र भार्गव, विधायक आकाश विजयवर्गीय, निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने झाडू लगाकर कचरा साफ किया। उनके साथ काफी युवा नजर आए।
मेयर ने रहवासियों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई। युवकों के साथ मेयर ने राजवाड़ा, सराफा, शिव विलास पैलेस, आड़ा बाजार, गोपाल मंदिर वाले हिस्से में सफाई की। सांसद शंकर लालवानी ने एनजीअेा की टीम के साथ पलासिया क्षेत्र में सफाई की। विधायक रमेश मेंदोला, सभापति मुन्नालाल यादव ने पाटनीपुरा और परदेशीपुरा क्षेत्र में सफाई की।
रहवासियों ने खुद कचरा डाला
शहर में 800 से ज्यादा वाहन डोर टू डोर कचरा उठाते है। शनिवार को अवकाश होने के कारण वाहनों के साथ कचरा डालने वाले सफाईकर्मी नहीं थे। रहवासी खुद वाहनों तक कचरा लेकर पहुंचे और कचरा व्यवस्थित वाहनों में डालकर उसे ट्रेंचिंग ग्राउंड तक पहुंचाया। सुबह 10 बजे तक शहर रोज की तरह साफ दिखने लगा। मेयर पुष्यमित्र भार्गव ने वाल्मिकि समाज के अराध्य गोगा देव के जन्मदिन पर समाजजनों को शुभकामनाएं भी दी।