इंदौर के राऊ चौराहे पर मंगलवार शाम एक कंटेनर की टक्कर से युवती की मौत हो गई। वह दोपहिया वाहन पर सवार होकर अपने घर लौट रही थी। इस बीच पीछे से तेज गति से आ रहे कंटेनर ने युवती को टक्कर मार दी। इस हादसे में युवती की मौके पर ही मौत हो गई। कंटेनर ड्राइवर मौके से भाग गया।
इसके बाद गुस्साई भीड़ ने कंटेनर में आग लगा दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने फायर ब्रिगेड को बुलवाया और कंटेनर की आग बुझाई। इस हादसे के बाद रोड पर लंबा जाम लग गया। आधे घंटे तक मार्ग का यातायात बाधित रहा। पुलिस ने केस दर्ज कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
इंदौर का सबसे बड़ा ब्लैक स्पॉट
राऊ चौराहा इंदौर का सबसे बड़ा ब्लैक स्पॉट है। ब्लैक स्पॉट लिस्ट में यह सबसे पहले क्रम पर है, नौ माह में इस चौराहे के आसपास अब तक दस मौत हो चुकी है। इस चौराहे पर ब्रिज का निर्माण चल रहा है। आसपास की टाउनशिप के लोग भी इस चौराहे से गुजरते हैं और भारी वाहनों की आवाजाही भी यहां से होती है।
वहीं, महू में सोमवार देर रात सड़क हादसे में एक युवक की जान गई। तेज रफ्तार कार एक आयशर वाहन से जा टकराई। इसमें एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए।