इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग हुई।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर के विमानतल पर एयर इंडिया के इंदौर से मुंबई जा रहे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही इंजन में खराबी आ गई थी। इसके बाद तुरंत पायलेट ने विमान फिर नीचे उतारने का फैसला लिया।
एयर इंडिया की फ्लाइट इंदौर से शाम 4.40 बजे मुबंई जाती है। कल मुंबई जाने वाला विमान थोड़ी देरी से दिल्ली से इंदौर आया और शाम पांच बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरी, लेकिन उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही पायलेट को काॅकपिट से इंजन में खराबी आने के संकेत मिले। पायलेट ने इंदौर एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) को इसकी जानकारी दी और तुरंत इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग करने की अनुमति मांगी।
विमान में 90 से ज्यादा यात्री सवार थे। उन्हें फिर से सीट बेल्ट बांधने को कहा गया और पायलेट ने विमान की इमरजेंसी लैंडिंग की जानकारी यात्रियों को दी। इसके बाद कई यात्री घबरा गए। इमरजैंसी लैंडिंग का अलर्ट मिलते ही विमानतल पर फायर ब्रिगेड वाहन, एम्बुलैंस व बचाव दल तैनात हो गए थे। उड़ान भरने के करीब 15 मिनट के बाद विमान फिर इंदौर विमानतल पर लौट आया।
चार घंटे देरी से भरी उड़ान
इमरजेंसी लैंडिंग के बाद विमानतल पर इंजीनियरों की टीम ने विमान की जांच की और सुधार शुरू हुआ। इस दौरान कुछ यात्रियों ने अपने टिकट भी निरस्त करवा लिये। चार घंटे के बाद विमान फिर उड़ान भरने को तैयार था। विमान ने रात को 9 बजे मुंबई के लिए रवाना हुआ।