महूनाका चौराहा से गंगवाल स्टेशन तक सड़क की चौड़ाई बढ़ेगी।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर विकास प्राधिकरण ने शहर के चार स्थानों पर ब्रिजों का निर्माण शुरू किया है, लेकिन घोषणा के बावजूद महूनाका चौराहे पर ब्रिज नहीं बन पा रहा है। सभी ब्रिजों को छहलेन बनाया गया है, लेकिन महूनाका चौराहे पर सड़क की चौड़ाई 100 फीट है। इस कारण वहां ब्रिज बनाने में आईडीए को मुश्किल आ रही है। बोर्ड बैैठक में महूनाका से गंगवाल बस स्टैंड तक सड़क की चौड़ाई 100 से बढ़ाकर 150 फीट करने का प्रस्ताव तैयार कर नगर तथा ग्राम निवेश को भेजा गया है।
महूनाका चौराहा इंदौर की वीआईपी-2 रिंग का हिस्सा है। गंगवाल बस स्टैंड से शुरू हुआ मार्ग जूनी इंदौर, भंवरकुआ, आईटी चौराहा होते हुए सीधे इंदौर खंडवा रोड तक जुड़ता है, लेकिन मास्टर प्लान में इस सड़क की चौड़ाई असमान है।
महूनाका से भंवरकुआ तक सड़क की चौड़ाई 150 फीट है,लेकिन महूनाका से गंगवाल बस स्टैंड तक चौड़ाई सिर्फ 100 फीट रखी गई है। आईडीए ने शहर के प्रमुख चौराहों पर ब्रिज बनाने की घोषणा अपने बजट में की है। खजराना, लवकुश चौराहा, भंवरकुआ, फूठी कोठी चौराहा पर ब्रिज का आधा काम पूरा हो चुका है,लेकिन महूनाका पर ब्रिज निर्माण नहीं हो पाया।
छह मार्ग जुड़ते है महूनाका चौराहे पर
महूनाका सर्कल पर छह मार्ग जुड़ते है। इस कारण यहां हादसे का अंदेशा हमेशा लगा रहता है। इसकी गिनती शहर के व्यवस्त चौराहों में होती है। पहले चौराहे पर एलिवेटेड रोड बनाने की योजना बनी थी, लेकिन वह आकार नहीं ले पाई। तब भी सड़क की कम चौड़ाई की परेशानी आई थी।
पिछले मास्टर प्लान में कम कर थी चौड़ाई
नगर तथा ग्राम निवेश के पूर्व इंजीनियर जयवंत होलकर बताते है कि महूनाका से हेमू कालानी चौराहा तक सड़क की चौड़ाई वर्ष 1991 के मास्टर प्लान में 200 फीट थी, लेकिन वर्ष 2008 के मास्टर प्लान में चौड़ाई डेढ़ सौ फीट कर दी गई, लेकिन महूनाका से गंगवाल वाले हिस्से के मार्ग की चौड़ाई को समान नहीं रखा गया। यदि तब इस बात का ध्यान रखा जाता तो छह लेन ब्रिज बनना आसान होता।