इंदौर में बदल रहा मौसम। फोटो- जयेश मालवीय।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
इंदौर में पिछले तीन दिनों से दिन और रात के तापमान में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, जिससे फिलहाल सर्दी से राहत मिली है। पिछले 24 घंटों में दिन और रात का तापमान 1-1 डिग्री सेल्सियस बढ़ा है। शनिवार को दिन का तापमान 31.6 डिग्री (+7) और रात का तापमान 12.8 डिग्री (+3) सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह एक दशक में चौथी बार हुआ है जब जनवरी में दिन का पारा 31 डिग्री के पार गया है।
ठंड का असर तेजी से कम हुआ
रविवार सुबह कोहरा न होने के कारण विजिबिलिटी 2 हजार मीटर थी और ठंड का असर काफी कम हो गया। शनिवार को दिन में तेज धूप और 10 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने के कारण ठंड कम रही। रात को हल्की ठंड महसूस हुई और रविवार सुबह होते-होते इसका असर और घट गया।
7 जनवरी के बाद फिर लौटेगी ठंड
मौसम वैज्ञानिक वीएस यादव ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से 7 जनवरी से प्रदेश में तेज ठंड का दूसरा दौर शुरू होने की संभावना है। हालांकि, शुरूआत में इसका प्रभाव इंदौर और आसपास के क्षेत्रों पर खास नहीं दिखेगा। प्रदेश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से में यह सिस्टम रविवार से सक्रिय हो चुका है और दो दिनों बाद इसका असर अन्य शहरों में भी नजर आएगा।
मावठे की बारिश भी होगी
यादव ने आगे बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस की सक्रियता के चलते उत्तर से बर्फीली हवाएं चलने लगेंगी, जिनकी रफ्तार तेज होगी और ये ठंड का असर बढ़ाएंगी। इससे दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट आएगी। जनवरी में मावठे की बारिश होने की भी संभावना है। 10 जनवरी को वेस्टर्न डिस्टरबेंस का प्रभाव उत्तर-पश्चिमी भारत में प्रमुखता से दिख सकता है, जिससे मध्य प्रदेश में बूंदाबांदी के आसार बन सकते हैं।