इंदौर में एक सप्ताह से तापमान में उतार-चढ़ाव चल रहा है। पिछले 24 घंटों में दिन के तापमान में उछाल आया है और रात का पारा गिरा है। इससे गर्मी और उमस का अहसास हो रहा है। दीपावली के बाद मंगलवार को दिन में गर्मी रही और बादलों की वजह से उमस भी सताती रही। दिन का पारा 0.6 डिग्री उछलकर 32.2 पर आ गया और रात का पारा 1.6 डिग्री गिरकर 18.6 पर आ गया। रात में ठंडी हवाओं ने लोगों को परेशान किया। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक इस सप्ताह इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है।
यह भी पढ़ें...
Indore News: इंदौर का MY हॉस्पिटल बनेगा हाईटेक! 1450 नहीं, अब 1700 बेड का होगा नया अस्पताल, जानें पूरा प्लान
बारिश की संभावना भी बन रही
सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि 21 अक्टूबर से दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव हो चुका है। इसका असर प्रदेश में भी देखने को मिल सकता है। 22 और 23 अक्टूबर को इंदौर संभाग के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने का अनुमान है।
अक्टूबर में मिला-जुला मौसम रहेगा
मौसम विभाग ने अक्टूबर के बचे एक सप्ताह में मिला-जुला मौसम रहने की संभावना जताई है। दो-तीन दिनों बाद रात और सुबह हल्की ठंड रहेगी, तो दिन में धूप का असर बना रहेगा। कहीं-कहीं बारिश का अनुमान भी है, लेकिन नवंबर के दूसरे हफ्ते से तेज ठंड का दौर शुरू हो जाएगा।
फरवरी तक रहेगा ठंड का असर
मौसम विभाग के अनुसार नवंबर से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो जाता है, जो जनवरी तक रहता है। इस बार फरवरी तक ठंड का असर रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिकों का अनुमान है कि आने वाली सर्दियों के मौसम में 2010 के बाद सबसे तेज ठंड का अहसास हो सकता है। सर्दियों के दौरान इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश देखने को मिल सकती है, उत्तर-पश्चिम भारत के इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ अधिक संख्या में प्रभावित करेंगे। आईएमडी ने भी जल्द ही ला-नीना परिस्थितियां निर्मित होने की पुष्टि की है।