ट्रक ड्राइवर गुलशेर और जला हुआ ट्रक
- फोटो : अमर उजाला, डिजिटल डेस्क, इंदौर
इंदौर में सोमवार शाम हुए भीषण ट्रक हादसे की परतें अब खुलने लगी हैं, जिसमें 3 लोगों की मौत हो गई और 12 लोग घायल हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि ट्रक का ड्राइवर न केवल रास्ता भटका हुआ था, बल्कि शराब के नशे में भी धुत था। उसने शहर के नो-एंट्री जोन में ट्रक घुसा दिया और जब पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो वह भागने लगा, जिसके चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ।
रास्ता भटका ड्राइवर, नो-एंट्री में दौड़ाता रहा मौत का ट्रक
पुलिस के अनुसार, ट्रक (क्रमांक MP09 ZP 4069) जैन ट्रांसपोर्ट का है, जो सांवेर रोड से गत्ते भरकर पोलो ग्राउंड के लिए निकला था। ड्राइवर रास्ता भूल गया और सुपर कॉरिडोर से एयरपोर्ट रोड की तरफ आ गया। यह वह समय था जब शहर में भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित (नो-एंट्री) रहता है। कालानी नगर के पास पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन ड्राइवर ने ट्रक की रफ्तार बढ़ा दी और वहां से भाग निकला। इसी लापरवाही के कारण ट्रक मौत बनकर सड़क पर दौड़ता रहा।
यह भी पढ़ें...
Indore: मुख्यमंत्री मोहन यादव बोले- हादसे की खबर सुनने के बाद नींद बड़ी मुश्किल से आई
बाइक को 1 KM तक घसीटा, चिंगारी से हुआ ब्लास्ट और धधकी आग
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक ने सबसे पहले रामचंद्र नगर चौराहे पर दो बाइक सवारों को टक्कर मारी, जिसमें से एक बाइक ट्रक के नीचे फंस गई। ड्राइवर ने इसके बाद भी ट्रक नहीं रोका और फंसी हुई बाइक को करीब एक किलोमीटर तक बड़ा गणपति चौराहे तक घसीटता चला गया। लगातार रगड़ खाने से बाइक में चिंगारी उठी और तेज धमाके के साथ उसमें आग लग गई, जिसने देखते ही देखते पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया। पहले यह अफवाह थी कि भीड़ ने ट्रक को जलाया है, लेकिन बाद में यह स्पष्ट हो गया कि आग बाइक घिसटने के कारण लगी थी।
पुलिस की पुष्टि- नशे में था ड्राइवर; प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा- ब्रेक भी थे फेल
इंदौर जोन-1 के डीसीपी कृष्णा लालचंदानी ने पुष्टि की है कि ड्राइवर शराब के नशे में था। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है और ट्रक को जब्त कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं, एक प्रत्यक्षदर्शी सुभाष सोनी ने दावा किया कि ट्रक के ब्रेक भी फेल हो चुके थे और ड्राइवर नशे में लग रहा था। उन्होंने दर्दनाक मंजर बयां करते हुए कहा, "हादसे में मेरे जीजा जी के दोनों पैर कटकर अलग हो गए।"
प्रशासन पर उठे सवाल, चेकिंग के बावजूद शहर में कैसे घुसा ट्रक?
इस घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि जिस रामचंद्र नगर चौराहे से ट्रक ने कोहराम मचाना शुरू किया, वहां दोनों तरफ पुलिसकर्मी चालानी कार्रवाई कर रहे थे। इसके बावजूद वे ट्रक को रोकने में नाकाम रहे। शाम के व्यस्त समय में और नो-एंट्री के बावजूद ट्रक शहर की सड़कों पर कैसे दौड़ता रहा, इसे लेकर लोगों में भारी गुस्सा है।