कांग्रेस नोटा का कर रही प्रचार।
- फोटो : अमर उजाला
इंदौर में कांग्रेस के उम्मीदवार रहे अक्षय बम की नामवापसी के बाद कांग्रेस अब इंदौर के लोगों से नोट का वोट देने की अपील कर रही है। इसे लेकर कांग्रेस ने एक थीम सांग भी सोशल मीडिया पर लांच किया। जिसके गीत के बोल है ’याद रहे हमको नोटा का बटन दबाना है।’
मंगलवार को गांधी भवन पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भी कार्यकर्तागणों से कहा कि अब हमारा उम्मीदवार नोटा हैै। उसे ज्यादा से ज्यादा वोट देकर लोगों से अपील करने को कहा है। उन्होंने यह भी कहा कि ज्यादा से ज्यादा नोटा को वोट मिलेंगे तो देश में यह मैसेज जाएगा कि इंदौर में लोकतंत्र की हत्या हुई है।
नोटा को लेकर जारी वीडियो जमकर वायरल हो रहा है और कांग्रेस नेता इसे अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर भी वायरल कर रहे है। वीडियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस महामंत्री राकेश सिंह यादव ने कहा कि इंदौर मेें भाजपा ने दबाव बनाकर कांग्रेस उम्मीदवार बने अक्षय बम का नामांकन वापस करवाया। उन्हें किस तरह भाजपा के विधायक और नेता निर्वाचन कार्यालय लेकर गए थे। यह पूरे देश ने देखा। अब इंदौर लोकसभा सीट कर कांग्रेस इसे मुद्दा बनाकर नोटा को वोट देेने की अपील करेगी।
बूथों पर नहीं बैठ पाएंगे एजेंट
कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशी ने नाम वापस ले लिया है, इसलिए इस बार मतदान वाले दिन बूथों पर कांग्रेस के एजेंट नहीं बैैठ पाएंगे,क्योकि उनके प्रवेश पत्र ही निर्वाचन आयोग बनाकर नहीं देगा। इसके अलावा मतगणना वाले दिन भी मतगणना स्थल नेहरु स्टेडियम पर कांग्रेस नेता नजर नहीं आएंगे।