बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचार के विरोध में पूरा इंदौर एकजुट हो रहा है। बांग्लादेश सरकार के विरोध में आज बुधवार को करीब चार लाख लोग रैली निकालेंगे। रैली में जाने वाले लोग लालबाग पर एकजुट होंगे। इस विरोध को लेकर व्यापारी एसोसिएशन ने शहर में आधे दिन का बंद रखा है। प्रदर्शन को लेकर कई रूट डायवर्ट भी किए गए हैं। इंदौर के छप्पन दुकान पर अलग-अलग जगह मंगलवार को पोस्टर लगाए। इसमें एक सवाल उठाया है आखिर कब तक? साथ ही लिखा है- बांग्लादेश में हिंदुओं के नरसंहार के विरोध में 'ना पोहा ना चाय बांग्लादेश हाय-हाय' विशाल रैली 4 दिसंबर सुबह 9 बजे लालबाग परिसर से कलेक्टर कार्यालय तक छप्पन दुकान व्यापारी संघ।
अनाज मंडी पूरे दिन रहेगी बंद
इंदौर अनाज तिलहन व्यापारी संघ ने भी आज बुधवार को छावनी अनाज मंडी बंद रखने का निर्णय लिया है। संघ के मंत्री वरुण मंगल ने बताया कि मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी आलोक दवे, कैलाश शर्मा, अवधेश अग्रवाल ने छावनी अनाज मंडी में व्यापारियों से मुलाकात की और बुधवार को निकलने वाली रैली में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पधारने का अनुरोध किया था। इधर, व्यापारी संघ ने भी एक मैसेज शेयर किया है जिसमें लिखा है कि समस्त व्यापारी एवं दलाल बंधुओं को सूचित किया जाता है कि बांग्लादेश के प्रताड़ित हिंदुओं के समर्थन में एवं बांग्लादेश सरकार के विरोध में सकल हिंदु समाज के आह्वान पर बुधवार को छावनी अनाज मंडी का अवकाश रहेगा।