इंदौर के खजराना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 चोरी की बुलेट, स्कूटर और अन्य बाइक जब्त की हैं। आरोपियों को इलाके में हूटर बजाते हुए तेजी से बाइक चलाते हुए देखा गया, जिससे पुलिस को शक हुआ। पुलिस ने तुरंत उनका पीछा किया और गिरने के बाद उन्हें पकड़ लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी चोरी की बुलेट लेकर जा रहे थे। पुलिस ने जब गहराई से पूछताछ की, तो उन्होंने धार में बाइक बेचने की बात कबूली। अब तक पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन बुलेट, दो पल्सर और एक स्कूटर जब्त किया है।
पुलिस ने पीछा किया तो गिर गए
जोन 2 के डीसीपी अभिनव विश्वकर्मा की टीम ने कृष्णा सोलंकी, निवासी देवगुराडिया और उसके एक नाबालिग साथी को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी खजराना इलाके में तेज रफ्तार बुलेट चला रहे थे और हूटर का इस्तेमाल कर रहे थे। जब पुलिस ने उनका पीछा किया, तो वे बाइक समेत गिर गए। गिरफ्तारी के बाद थाने में हुई पूछताछ में आरोपियों ने न सिर्फ चोरी की गई बुलेट की बात कबूली, बल्कि अन्य कई बाइक और स्कूटर चोरी करने का भी खुलासा किया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लड़कियों को इम्प्रेस करने के लिए लगातार गाड़ियां बदलते थे और चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे। इसके बाद वे इन गाड़ियों को सस्ते दामों में बेच देते और कमाए हुए पैसों को शराब और पार्टियों में उड़ाते थे। फिलहाल पुलिस आरोपियों से और पूछताछ कर रही है ताकि उनके नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
नशे की टेबलेट के साथ आरोपी गिरफ्तार
रावजी बाजार पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई में नशे की टेबलेट के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी का नाम अब्दुल सादिक पुत्र अब्दुल अली शेख है, जो प्रकाश का बगीचा क्षेत्र का निवासी है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी अल्फाजोलम नामक नशीली टेबलेट बेच रहा है। जब पुलिस ने उसे पकड़ा, तो उसके पास से 10 से अधिक पत्ते नशीली दवा के बरामद हुए। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है कि वह यह नशीली दवा कहां से लाता था और किन-किन लोगों को बेचता था।