इंदौर के मेघदूत गार्डन के सामने सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हुआ है। दोनो बाइक पर सवार थे और रांग साइड से आ रही कार की टक्कर से बचने के लिए उन्होंने ब्रेक लगाए तो उनकी बाइक फिसल गई। इस दौरान पीछे से आ रही बस ने बाइक चला रहे युवक को रौंद दिया, जबकि पीछे बैठा साथी बच गया। उसे गिरने के कारण चोटें आई है।
पटेल नगर में रहने वाले 25 साल के युवक अनिल पिता भुजराम अपने साथी लोकेश के साथ बापट चौराहे से खजराना की तरफ जा रहा था। मेघदूत उपवन के सामने से जब दोनो गुजरे तो एक कार रांग साइड से आ रही थी। उससे बचने के दौरान दोनो सड़क पर गिर पड़े। पीछे से आ रही बस की स्पीड भी तेज थी। बस चालक ब्रेक लगाता, उससे पहले बस के पहिए अनिल को रौंदते हुए निकल गए,जबकि पीछे बैठा लोकेश सड़क के दूसरी तरफ जा गिरा।
इस कारण वह बस की टक्कर से बच गया। लोगों ने दोनो को अस्पताल पहुंचाया,लेकिन अनिल की मौत हो चुकी की थी। मौके का फायदा उठाकर बस चालक भी फरार हो गया। अनिल मूलत: देवास का रहने वाला है।
इंदौर में वह रोजगार के सिलसिले में रहता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। इंदौर के भंवरकुआ क्षेत्र में भी सड़क हादसे में कार सवार घायल हो गया। कार की स्पीड तेज थी और वह आईटी चौराहे पर कार का नियंत्रण खो बैठा और कार रोटरी में घुस गई।