पानी भरने आए नगर निगम के वॉटर टैंकर की चपेट में आने से पांच वर्षीय बालिका की मौत हो गई। घटना हीरानगर थाना क्षेत्र की 113 नंबर स्कीम की है। बताया जा रहा है कि ड्राइवर नशे में धुत था। टैंकर की टक्कर से दो अन्य बच्चे भी घायल हुए हैं। पांच वर्षीय बालिका के सिर पर गंभीर चोट आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। टैंकर पानी सप्लाई करने के लिए स्थानीय टंकी पर आया था। हीरानगर पुलिस ने ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
हीरानगर पुलिस जांच अधिकारी सहायक उपनिरीक्षक राजू लाल ने बताया कि शनिवार देर रात हीरा नगर थाना क्षेत्र की 113 स्कीम नंबर में बनी पानी की टंकी पर पानी भरने के लिए नगर निगम का वॉटर टैंकर आया था। ड्राइवर ने वहीं रहने वाली एक पांच वर्षीय बालिका रानू पिता नंदू लाल डामोर को नशे की हालत में टक्कर मार दी। जिससे रानू को गंभीर चोट आने के बाद उसकी मौत हो गई। ड्राइवर इतने नशे में था कि उसने वहां मौजूद दो अन्य बच्चों को भी टक्कर मारी जो कि गंभीर रूप से घायल हो गए। बच्चों को इलाज के लिए पास के अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। वहीं घटना के बाद नशे में धुत ड्राइवर बाबू सिंह पिता दयाल सिंह लोधी रघुनंदन बाग कॉलोनी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
बच्चे की मौत के लिए जिम्मेदार अधिकारियों पर मुकदमा दर्ज किया जाए - शुक्ला
कांग्रेस विधायक संजय शुक्ला ने शनिवार को नगर निगम और ठेकेदार की लापरवाही से हुई बच्चे की मौत के मामले में निगम के लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ भी आपराधिक प्रकरण दर्ज किए जाने की मांग की है। शुक्ला ने कहा कि इधर इस नगर में पानी के लिए खोदे गए लापरवाही के गड्ढे में गिर जाने के कारण चार साल के बच्चे वंश की मौत हो गई। अब नगर निगम के महापौर के द्वारा यह कहा जाना निंदाजनक है कि इस मामले में निगम के द्वारा ठेकेदार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। जरूरत तो अब इस बात की है कि इस तरह की जानलेवा लापरवाही करने वाले ठेकेदार के साथ-साथ इस लापरवाही को नजरअंदाज करते हुए उसमें सहभागी बनने वाले निगम के अधिकारियों के खिलाफ भी आपराधिक प्रकरण दर्ज कराया जाए। शुक्ला ने कहा कि मौत के इस मामले में कानून अपना काम करेगा और पुलिस अपने तरीके से मुकदमा दर्ज करेगी। जरूरत इस बात की है कि नगर निगम की ओर से पुलिस को आवेदन देकर इस कार्य की जिम्मेदारी संभालने वाले अधिकारियों के नाम की सूची दी जाए और पुलिस आग्रह किया जाए कि बालक की मौत के आपराधिक प्रकरण में इन सभी जिम्मेदार अधिकारियों को भी सह अभियुक्त बनाया जाए।
विज्ञापन
निगम की लापरवाही से बालक की मौत पर पूर्व विधायक पटेल ने उठाया सवाल
पटेल ने कहा कि शनिवार को इदरीस नगर वार्ड 54 में नगर निगम इंदौर व एलएनटी कंपनी की लापरवाही से चार वर्षीय बालक वंश की गड्डे में डूबने से मृत्यु हो गई। लापरवाह व निरंकुश अधिकारियों के कारण आज परिवार का वंश चला गया और अब घटना के बाद में खानापूर्ति कका काम प्रकरण दर्ज कराने के आदेश देकर की गई। आखिर कब तक स्मार्ट सिटी और नंबर वन के नाम से पूरे इंदौर को बार बार खोदा जाएगा? उन्होंने कहा है कि इस घटना की जिम्मेदारी का निर्धारण किया जाना चाहिए। नगर निगम की जिम्मेदारी केवल ठेकेदार को चेतावनी देने के साथ पूरी नहीं हो जाती है। ठेकेदार के द्वारा सुरक्षा के उपाय नहीं किया जाना एक गंभीर लापरवाही है इसी लापरवाही ने परिवार का वंश छीन लिया।