इंदौर में अब दूध उपभोक्ताओं को 65 रुपये प्रति लीटर मिलेगा। अभी तक दूध 62 रुपये प्रति लीटर था, लेकिन विक्रेता संघ की बैठक में दूध के भाव में तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ोतरी का फैसला लिया गया। दूध के भाव बढ़ाने के पीछे पशु आहार और परिवहन महंगा होना बताया जा रहा है। नए भाव 1 अक्टूबर से लागू होंगे।दूध उत्पादकों को 8.90 रुपये के बजाय 9.23 रुपये प्रति फैट दिया जाएगा। इंदौर दूध विक्रेता संघ की बैठक में नए भाव तय किए गए और तीन रुपये प्रति लीटर दूध महंगा हो गया।
विक्रेताओं का कहना है कि इस बार बारिश कम हुई है और पशु आहार महंगा हो गया है। इसके अलावा गांव से शहर तक दूध लाने का परिवहन खर्च भी बढ़ गया है। दूध की घर पहुंच सेवा के लिए एक रुपये प्रति लीटर का शुल्क भी जोड़ा गया है। इसे मिलाकर दूध के भाव 65 रुपये प्रति लीटर होंगे। वहीं, जो लोग डेयरियों पर दूध लेने जाते हैं, उन्हें दूध 68 रुपये प्रति लीटर के हिसाब से मिलेगा, क्योंकि उसमें फैट ज्यादा रहता है।
इससे पहले विक्रेता संघ की बैठक हुई थी, जिसमें दूध के भाव नहीं बढ़ाने का फैसला लिया गया था। इसका दूध उत्पादक संघ ने विरोध किया था। किसानों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया था। किसानों का कहना था कि दूध के भाव 70 रुपये प्रति लीटर होने चाहिए, ताकि उन्हें भी फायदा हो। हालांकि, 65 रुपये प्रति लीटर पर सहमति बनी है। अभी सांची दुग्ध संघ ने नए भावों पर कोई फैसला नहीं लिया है। नए भाव बुधवार से शहर में लागू हो जाएंगे और महंगाई का असर दूध उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा।