इंदौर में बेमौसम बारिश ने दीपावली त्यौहार के उत्साह में खलल डाल दिया। शहर के अलग-अलग इलाकों में तेज व रिमझिम बारिश का दौर दोपहर में चला। धन तेरस को देखते हुए ज्यादातर दुकानों के बाहर टेंट व झालरों से सजावट की गई थी। सामान भी बाहर डिस्प्ले किया गया था। तेज बारिश होते ही व्यापारियों ने ग्राहकों को छोड़कर बाहर रखा सामान समेटना शुरू कर दिया।
बेमौसम बारिश ने सड़क पर पूजन सामग्री बेचने वालों का भी नुकसान किया। राजवाड़ा, नंदा नगर मेनरोड, मालवा मिल, पलासिया सहित अन्य इलाकों में सड़क किनारे पटरी पर सजी दुकानों को समेटना पड़ा। शहर में मानसून की विदाई हो गई है, लेकिन पश्चिमी मध्य प्रदेश पर कम दबाव के क्षेत्र का असर है। इस कारण अगले दो तीन दिन तक बारिश की संभावना बनी रहेगी। शुक्रवार को भी शहरी सीमा से लगे इलाकों में बारिश हुई।
पटाखा मार्केट में समेटा माल
शहर में रीजनल पार्क में थोक पटाखा मार्केट लगा है। कई व्यापारियों का माल खुले में रखा था। बारिश का मौसम होते ही व्यापारियों ने मजदूरों की मदद से पटाखों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। कई दुकानदार खुले में सामान बेचते हैं। उनका सामान भी खराब हो गया। शहर के अलग-अलग स्थानों पर लगे पटाखा मार्केट में भी व्यापारियों को पटाखे खराब होने की चिंता सताने लगी।
विद्युत सज्जा भी हुई खराब
शहर के कई बड़े शोरुमों, माॅल, दुकानों और घरों के बाहर आकर्षक विद्युत सज्जा की गई है। कुछ शो-रुमों ने तो सज्जा पर ही डेढ़ से दो लाख रुपये खर्च किए,लेकिन बारिश के कारण उनका भी नुकसान हो गया। पानी के कारण कई झालरें खराब हो गई। इसके अलावा आटोमोबाइल शो-रुमों के बाहर रखे नए वाहन भी पानी में भीगते रहे।