उत्तर प्रदेश पुलिस की आपात सेवा यूपी 112 को औरर बेहतर बनाने के लिए इंदौर आईआईएम भी मददगार साबित हो रहा है। वर्ष 2020 में आईआईएम इंदौर व उत्तर प्रदेश पुलिस के बीच एमओयू हुआ था। आईआईएम ने इसके लिए कई सुझाव दिए है।
इसके अलावा आईआईएम डायरेक्टर डाॅ.हिमांशु राय ने अपर पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार सिंह के साथ यूपी-112 भवन में बैठक की। बैठक में बताया गया कि वर्ष 2016 में यूपी-112 सेवा शुरू की गई थी। तब रिस्पांस टाइम 44 मिनिट था, जो अब घटकर10 मिनिट रह गया है।
पुलिस अफसरों ने कहा कि हम चाहते है कि रिस्पांस टाइम दस मिनिट से भी कम हो। आईआईएम निदेशक ने पीआरवी के रिस्पांस टाइम को कम करना और एसओपी का सरलीकरण व ब्लैंक और रिपीट होने वाले कॉल्स को कम करने के लिए सुझाव दिए।
बिजनेस इंटेलिजेंस टूल, प्रचार प्रसार और कर्मचारियों के प्रशिक्षण पर भी जोर देने की बात कही गई। लक्ष्य को हासिल करने के लिए आईआईएम एक प्रस्ताव बना कर यूपी पुलिस को देगा। इस अवसर पर आईआईएम इंदौर से आये प्रो. राजहंस मिश्रा, प्रो सौरभ चंद्रा, प्रो सौरभ कुमार, नवीन कृष्ण राय और यूपी 112 के वरिष्ठ पुलिस अधिकारीगण उपस्थित थे।