इंदौर के बायपास पर गुरुवार दोपहर शराब दुकान में आग लग गई। दुकान में लाखों रुपये की शराब रखी थी, जो जलकर खाकर हो गई। आग लगने के समय दुकान के करीब ही खड़े होकर कुछ ग्राहक बीयर पी रहे थे। वे भी आग लगने के बाद भागे।
आग कैसे लगी। इसका पता नहीं चल पाया है। संभवत: शार्ट सर्किट के कारण आग लगी है। फायर ब्रिगेड के पहुंचे के पहले ही दुकान पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। आग लगने के आधे घंटे बाद दमकले पहुंची और आग को बुझाकर आसपास की दुकानों में फैलने से रोका।
कर्मचारी दुकान छोड़कर भागे
दोपहर में दुकान के पिछले हिस्से में आग लगी। दुकान में आग बुझाने के यंत्र नहीं थे। कर्मचारियों ने पानी की बाल्टियों से आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन आग जब फैलने लगी तो कर्मचारी दुकान छोड़कर बाहर खड़े हो गए। दस मिनट के भीतर आग की लपटों ने दुकान को चपेट में ले लिया।
इस दौरान कुछ देर के लिए सड़क का ट्रैफिक भी रूक गया। कई लोग जलती हुई दुकान को देखने के लिए रुक गए थे। आग के कारण काउंटर में रखे रुपये भी जल गए। आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। शराब से भरी बोतलें होने के कारण आग लगने पर धमाके भी हुए।