वोटिंग की गिनती 17 जुलाई को होगी।
- फोटो : सांकेतिक तस्वीर
इंदौर जिले में 6 जुलाई को हुई वोटिंग की गिनती 17 जुलाई को होगी। वोटों की गिनती के लिए व्यापक तैयारियां जारी हैं। इंदौर नगर निगम सहित जिले के सभी आठों नगर परिषदों में मतगणना कार्य के लिए लगभग एक हजार अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए जा रहे हैं। मतगणना कर्मियों का पहला प्रशिक्षण आज सुबह 10 बजे से होलकर साइंस कॉलेज में आयोजित किया गया।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार इंदौर नगर निगम निर्वाचन क्षेत्र के मतों की गणना का कार्य नेहरू स्टेडियम में किया जाएगा। स्टेडियम में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के मतों की गणना के लिए 6 कमरे तथा डाक मतपत्रों की गणना के लिए दो कमरों की व्यवस्था की गई है। इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के मतों की गणना 97 टेबलों पर तथा डाक मतपत्रों की गणना आठ टेबलों पर होगी। प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइजर और दो सहायक रहेंगे। मतगणना का कार्य मतदान केन्द्र तथा वार्डवार होगा।
मतगणना कार्य में लगने वाले कर्मियों को होलकर साइंस कॉलेज में सुव्यवस्थित रूप से मतगणना कराने का प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण शुक्रवार सुबह 10 बजे प्रारंभ हो गया था। प्रशिक्षण में शामिल नहीं होने वाले कर्मियों पर कलेक्टर के आदेश अनुसार अब कार्रवाई की जाएगी।