स्वच्छता के लिए मशहूर इंदौर अपने इवेंट और लाइफ स्टाइल के लिए भी जाना जाता है। हाल ही में यहां पर हुई एक शादी काफी चर्चा में है। भीषण गर्मी और उमस के बीच हुए इस आयोजन में बरात को कूलरों के साथ निकाला गया। पूरे रास्ते यह बरात चर्चा का विषय बनी रही।
11 कूलर लगाए, दोगुना हो गया उत्साह
इसका वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ। इंदौर के होटल कारोबारी सुधांशु रघुवंशी का सात मई को शादी का बाना निकला। बाना इमली बाजार से रामबाग तक निकला। बाने में कुछ लोगों को कूलर की व्यवस्था के साथ चलने के लिए तैयार किया गया। सुधांशु रघुवंशी से बात हुई तो उनका कहना था कि गर्मी बहुत भीषण पड़ रही थी और हमें समझ नहीं आ रहा था कि लोग कैसे बाने में डांस करेंगे। इसके लिए हमें यही हल समझ में आया। कूलर की वजह से शादी में बाना निकलने के दौरान किसी को भी कोई परेशानी नहीं हुई और लोगों का उत्साह भी दोगुना हो गया। सुधांशु ने बताया कि बाने के लिए 11 कूलर लगाए गए थे।
साइकिल पर निकली बरात, वजह थी बेहद खास
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
कुछ दिन पहले ही साइकिल पर निकली थी बरात
7 जून को ही इंदौर में साइकिल पर एक बरात निकली थी जो देशभर में चर्चा का विषय रही। फिटनेस एक्सपर्ट और साइकिलिस्ट अमोल वाधवानी निवासी तेजाजी नगर (27) की शादी खातीवाला टैंक निवासी डिम्पल से 10 जून को शादी हुई। इसके दो दिन पहले निकले बाने में अमोल साथियों के संग दुल्हन के घर पहुंचे थे। यह ग्रुप साइकिलिंग की यात्रा 9 जून की अल सुबह 6 बजे निकाली गई। बारात दुल्हन के घर पहुंची जहां सभी का स्वागत सत्कार किया गया।