इंदौर में मानसून विदा हो चुका है। आसमान साफ है और तेज धूप, उमस व गर्मी से लोग परेशान होने लगे है। इंदौर में दिन का तापमान 34 डिग्री तक पहुंचने के बाद पंखे, कूलर, एसी की की जरुरत महसूस हुई। इससे बिजली की खपत बढ़ गई और गुरुवार को कई बार बिजली की लुकाछुपी भी चलती रही। कई इलाकों में दिन में तीन से चार बार बिजली अाती-जाती रही। इससे लोग और परेशान हो गए।
इंदौर में बारिश का दौर अब पूरी तरह थम चुका है। गुरुवार को तेज धूप होने से लोगों को गर्मी का एहसास हुआ। तापमान भी 34 डिग्री तक जा पहुंचा। अब 15 अक्टूबर के बाद गुलाबी ठंड का दौर शुरू हो जाएगा।
रात और सुबह हल्की ठंडक महसूस होने लगेगी। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इस कारण इस सप्ताह बूंदा-बांदी भी हो सकती है, लेकिन तापमान में कमी नहीं होगी।
अक्टूबर के अंतिम सप्ताह तक शहर में ठंड असर दिखाने लगेगी। इंदौर में मानसून सीजन में 34 इंच से ज्यादा बारिश हुई है, जो पिछले वर्ष की तुलना में चार इंच कम है,लेकिन शहर के ज्यादातर तालाबों का जलस्तर ठीक है।
बिजली गुल और मच्छरों से लोग परेशान
बारिश खत्म होने और तेज धूप के बाद शहर में मच्छर तेजी से पनप गए है और लोगों को इनसे बचने के लिए भी पंखे चलाना पड़ा रहे है। शिवाजी नगर, कुलकर्णी भट्टा, मालवा मिल, एलआईजी, स्कीम-136, विजय नगर, अन्नपूर्णा क्षेत्र में बार-बार दिन में बिजली गुल होती रही। शहर में कई स्थानों पर गरबा आयोजन भी हो रहे है। इस कारण भी बिजली की डिमांड बढ़ गई है।