इंदौर में पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता का विरोध।
- फोटो : amar ujala digital
चार माह बाद होने वाले विधानसभा चुनाव में प्रबल दावेदारों का विरोध भी शुरू हो गया है। इंदौर में पूर्व विधायक महेंद्र हार्डिया से नाराज धड़े ने गुजरात से सर्वे के लिए आए विधायकों के सामने खुलकर बातें बोली, वहीं शुक्रवार को एक नंबर विधानसभा क्षेत्र में सुदर्शन गुप्ता के विरोध में कुछ कार्यकर्ता सड़क पर आए और नारेबाजी करने लगे। वे चाहते है कि इस बार फिर गुप्ता को पार्टी टिकट न दे और दूसरा विकल्प खोजे।
कार्यकर्ता सुदर्शन गुप्ता के विरोध में नारेबाजी करते रहे थे।उनके हाथों में तख्तियां भी थी। एक दिन पहले ही एक नंबर विधानसभा में गुजरात से आए विधायकों ने पार्टी पदाधिकारियों की बैठक ली थी, हालांकि उस बैठक में सुदर्शन गुप्ता शामिल नहीं हो पाए थे। शुक्रवार को उनके विरोध में कुछ कार्यकर्ता नारेबाजी करते नजर आए।
पूर्व पार्षद खुलकर आए हार्डिया के विरोध में
पांच नंबर विधानसभा से लगातार चार बार चुनाव जीते महेंद्र हार्डिया का इस बार भाजपा के ही कार्यकर्ता खुलकर विरोध कर रहे है। अगस्त के पहले सप्ताह में एक होटल में हार्डिया से नाराज विधायकों ने एक बैठक की और विरोध की रणनीति बनाई। पूर्व पार्षद दिलीप शर्मा तो खुलकर विरोध में आए है। उन्होंने पदाधिकारियों की बैठक में कहा कि मुझे पार्षद का टिकट नहीं देने पर कारण बताया गया कि वे नया चेहरा चाहते है। अब हम विधानसभा चुनाव में नया चेहरा चाहते है तो इसमें गलत क्या है।
उधर पांच नंबर से भाजपा नगर अध्यक्ष गौरव रणदिवे भी दावेदारी कर रहे है। वे संगठन के आयोजन में भी सक्रिय है और पांच नंबर विधानसभा क्षेत्र में उन्होंने अपनी टीम भी तैयार कर ली है। इंदौर के जिलाध्यक्ष राजेश सोनकर को भाजपा ने सोनकच्छ से टिकट दिया है। उन्हें भी वहां विरोध झेलना पड़ रहा है।