शहर में एक ओर जहां रंगपंचमी के उत्सव में लाखों लोगों ने उत्साह और उल्लास के साथ त्योहार मनाया वहीं कुछ लोग इस दिन भी हंगामा करने से बाज नहीं आए। फ्री में पास न मिलने पर पुलिस के सामने ही हिंदू संगठन के लोगों ने एक रिसोर्ट में जमकर तोडफ़ोड़ की। यहां पर रंगपंचमी का कार्यक्रम चल रहा था। हंगामे के बाद पुलिस ने 40 लोगों पर बलवा, मारपीट, तोडफ़ोड़ सहित 9 धाराओं में केस दर्ज किया है।
यह घटना स्काय लाइन क्लब एंड रिसोर्ट तेजाजी नगर में हुई। यहां पर दोपहर के समय चल रहे कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों ने जमकर हंगामा किया। आजादनगर एसीपी आशीष पटेल ने बताया कि रविवार को रंगपंचमी पर रिसोर्ट में होली मिलन के कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी तभी यह हंगामा हुआ। रिसोर्ट के मालिक का कहना है कि कन्नू मिश्रा नाम के व्यक्ति ने उन्हें फोन कर 50 पास देने के लिए कहा। उन्होंने पास देने से मना कर दिया तो कन्नू अपने साथियों के साथ आया और हंगामा शुरू कर दिया। उसने आरोप लगाया कि यहां रंगपंचमी के त्योहार के कार्यक्रम में वर्ग विशेष के लोगों को एंट्री दी गई है। इसके बाद कन्नू और उसके साथियों ने जमकर तोडफ़ोड़ की।
पुलिस की मौजूदगी में भी तोडफ़ोड़ करते रहे उपद्रवी
इस दौरान पुलिस की मौजूदगी में भी उपद्रवी तोडफ़ोड़ करते रहे। उन्होंने पुलिस के सामने ही रिसोर्ट की कुर्सियां, टेबल और गमले तोड़ दिए गए। इसके बाद पुलिस ने राकेश रंजन सहाय की शिकायत पर कन्नू मिश्रा, सुमित हार्डिया सहित करीब 40 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है।