पुलिस ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
इंदौर पुलिस ने पंजाब के पांच आर्म्स तस्करों को पकड़ा है। इनके पास से 12 फायर आर्म्स और 5 कारतूस मिले हैं। क्राइम ब्रांच टीम को सूचना मिली थी कि पांच व्यक्ति अवैध फायर आर्म्स तस्करी करने के इरादे से इनोवा कार से निकलने वाले हैं। क्राइम ब्रांच टीम ने घेराबंदी कर तेजाजी नगर चौराहे के पास से इन्हें पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम (1) गुरमेल सिंह निवासी ग्राम शेरखांवाला थाना कुलघटी जिला फिरोजपुर (पंजाब),(2) जगसीर निवासी ग्राम शेरखांवाला वाल्मिकी मंदिर के पास थाना कुलघटी जिला फिरोजपुर (पंजाब), (3) प्रिंस निवासी अरफावला जिला कपुरथला (पंजाब),(4) विपन कुमार निवासी जिला जालंधर (पंजाब) (5) अजय उर्फ चंडु निवासी लैलीवाला जिला फिरोजपुर (पंजाब) बताया। आरोपियों की तलाशी में उनके कब्जे से 12 फायर आर्म्स और 5 कारतूस मिले। वे पुलिस को इस संबंध में कोई कागज नहीं बता सके और यह सब कहां से लाए यह भी जानकारी नहीं दे सके। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार किया है और पूछताछ कर रही है।
पहले से कई अपराध दर्ज हैं आरोपियों पर
पुलिस ने आरोपियों की इनोवा कार भी जप्त कर ली है। थाना क्राइम ब्रांच इंदौर ने अपराध धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट पंजीबद्ध किया है। इसके आधार पर अग्रिम कार्यवाही कर आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपियों के विरुद्ध पहले से आर्म्स एक्ट, हत्या का प्रयास, लड़ाई झगड़े और धमकी देने जैसे गंभीर अपराध पंजीबद्ध हैं।