इंदौर के सेन्ट्रल कोतवाली स्थित क्राइम ब्रांच के थाने में आग लगने से कई जरूरी दस्तावेज खाक हो गए। रविवार सुबह अचानक लगी आग के चलते यहां फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक बहुत सारा सामान जल चुका था। एक केबिन के अंदर रखा पूरा फर्नीचर और कम्प्यूटर सहित अन्य सामान जल गया। फ़ायर ब्रिगेड के आने तक पूरे थाना में आग फैल गई। आग लगने के कारण क्राइम ब्रांच थाना में धुंआ भर गया और मुलजिम जोर-जोर से चिल्लाने लगे। जब आग लगी उस समय थाने में चार से पांच मुलजिम थे। वहां तैनात जवानों में ताबड़तोड़ मुलजिमों को बाहर निकाला और अन्य थानों में दूसरी जगह शिफ्ट किया। फायर ब्रिगेड के एएसआई सुशील कुमार दुबे ने बताया कि उन्हें कंट्रोल रूम से सूचना मिली थी कि कोतवाली स्थित क्राइम ब्रांच ऑफिस में आग लगी है। सूचना के बाद दमकल की गाड़ी यहां पहुंची। केबिन में लगी आग को आधा टैंकर पानी डालने के बाद बुझा दिया गया। जिस केबिन में आग लगी वहां कई गंभीर मामलों की फाइलें रखी थीं। ये डॉक्यमेंट पूरी तरह से जलने की बात सामने आ रही है।
विज्ञापन
कम्प्यूटर में भी महत्वपूर्ण डाटा था
जिस केबिन में आग लगी वह एसआई बलराम सिंह तोमर का केबिन है। उन्होंने दीपक मद्दा सहित कई लोगों पर कार्रवाई की थी। बताया जाता है कि उनके कम्प्यूटर में भी महत्वपूर्ण डाटा था। जो पूरी तरह नष्ट हो गया है। वहीं कुछ फाइलें भी जली हैं। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक यहां कैमरे लगे हुए हैं। जिसकी सीधी मॉनटरिंग डीसीपी के पास कंट्रोल रूम में होती है। क्राइम ब्रांच के अफसर इस मामले में कुछ कहने से बच रहे हैं। सूचना के बाद यहां टीआई सतीश द्विवेदी, वरिष्ठ आरक्षक जवाहर जादौन सहित स्टाफ के अन्य लोग पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि आग से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई पर यहां रखा वो रिकॉर्ड पूरी तरह जल गया, जिन मामलों की जांच की जा रही थी।