इंदौर के पलासिया थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय बिल्डर संदीप नागर उर्फ बंटी नागर ने अपने ऑफिस में आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रारंभिक जांच के बाद शव को एमवाय अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया है।
पलासिया थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी के मुताबिक, संदीप पिता मनोहरलाल नागर गुलमोहर क्षेत्र के निवासी थे। उन्होंने पलासिया स्थित अपने ऑफिस में आत्महत्या की। परिजनों को घटना की जानकारी शाम करीब 5 बजे मिली, जिसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें-
इंदौर: शादी के चार माह बाद युवक ने दे दी जान, सुसाइड नोट में बताई पत्नी के अफेयर की वजह
पुलिस के अनुसार, संदीप नागर का शहर के बायपास क्षेत्र सहित अन्य इलाकों में बिल्डरों और कारोबारियों के साथ कॉलोनी एवं प्रॉपर्टी से जुड़े निवेश का कारोबार था। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से उनकी तबीयत भी खराब चल रही थी। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है।
पुलिस ने उनका मोबाइल फोन जब्त कर लिया है। साथ ही ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और यह जानकारी जुटाई जा रही है कि घटना से पहले उनसे कौन-कौन लोग मिलने आए थे। पुलिस उनके कारोबार से जुड़े लोगों और परिजनों से भी पूछताछ करेगी।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कई बिल्डर और कारोबारी एमवाय अस्पताल पहुंचे। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।