इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट के आसपास की घटनाएं और विवाद प्रशासन और जनता दोनों के लिए चिंता का विषय बन गए हैं। आयोजन स्थल के पास खजराना पुलिस ने दो युवकों को 17 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ गिरफ्तार किया, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए बताई जा रही है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में राजकमल उर्फ राज बोडाना और विकास उर्फ दाऊ पीपल्दा शामिल हैं, जो खजराना क्षेत्र के निवासी हैं। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि ये ड्रग्स कहां से लाई गई और इसमें कौन-कौन शामिल हैं। पुलिस आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है।
बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद ने कहा नहीं होने देंगे कार्यक्रम
वहीं बजरंग दल और विश्व हिन्दू परिषद ने आज आयोजन स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम के बैनर और पोस्टर हटा दिए। विश्व हिन्दू परिषद के विभाग मंत्री यश बचानी ने कहा कि वह शहर में इस तरह के कार्यक्रम नहीं होने देगा जिसमें शराब और मांस परोसे जाएंगे। यश बचानी ने कहा कि किसी भी सूरत में हम यह कार्यक्रम नहीं होने देंगे। कल सुबह पूरे समाज को लेकर इसका विरोध किया जाएगा। शहर की संस्कृति और सभ्यता को नष्ट करने का यह सोचा समझा प्रयास है।
ब्लैक में बिके टिकट
दिलजीत दोसांझ के कंसर्ट में 25,000 दर्शकों के शामिल होने की संभावना है। इसे लेकर पुलिस कमिश्नर द्वारा एक विशेष सुरक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें बायपास स्थित कंसर्ट स्थल पर सुरक्षा और शांति बनाए रखने के निर्देश दिए गए। हालांकि, यह कंसर्ट विवादों में भी घिरा हुआ है। इसमें टिकट की कालाबाजारी और शराब पार्टी जैसे आरोप शामिल हैं। बताया जा रहा है कि 5,000 रुपए के टिकट 50,000 रुपए तक बेचे गए हैं। भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने इस मामले को लेकर कलेक्टर आशीष सिंह से शिकायत की है। नशे और टिकट की कालाबाजारी जैसी घटनाओं ने प्रशासन के सामने गंभीर चुनौतियां खड़ी कर दी हैं। ड्रग्स नेटवर्क के खिलाफ सख्त कार्रवाई की आवश्यकता है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का कहना है कि पुलिस को ऐसे मामलों में और अधिक सतर्कता दिखानी होगी। टिकट वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और कालाबाजारी रोकने के लिए डिजिटल मॉनिटरिंग और सीमित संख्या में टिकट खरीद की अनुमति दी जानी चाहिए। सुरक्षा के संदर्भ में इतनी बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी को देखते हुए कड़े प्रबंधन की जरूरत है। प्रशासन को आयोजन स्थल और आसपास की जगहों पर ड्रग्स, अवैध गतिविधियों और संदिग्ध लोगों पर नजर रखनी होगी। इसके अलावा, इस तरह के आयोजनों में नशे और अपराधों के खिलाफ सामाजिक जागरूकता फैलाने का प्रयास भी होना चाहिए।
शाम को इंदौर आए दिलजीत
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ शनिवार शाम इंदौर पहुंचे, जहां रविवार, 8 दिसंबर को सी-21 एस्टेट ग्राउंड में उनका बहुप्रतीक्षित कंसर्ट आयोजित होगा। एयरपोर्ट पर फैंस ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, और दोसांझ ने हाथ हिलाकर प्रशंसकों का अभिवादन किया। कंसर्ट में 25 हजार दर्शकों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष बैठक आयोजित की। हालांकि, कंसर्ट विवादों में घिरा हुआ है। इसमें शराब पार्टी और टिकटों की कालाबाजारी के आरोप सामने आए हैं, जहां 5 हजार के टिकट 50 हजार तक बेचे जाने की खबर है। भाजपा विधायक रमेश मेंदोला ने इस मुद्दे पर कलेक्टर से शिकायत की है। इसी बीच, पुलिस ने ड्रग्स के खिलाफ अभियान के तहत 17 ग्राम एमडी ड्रग्स के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
*इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कार्यक्रम के लिए कई प्रमुख सड़कें बंद, कल यहां से मत निकलना, देवास उज्जैन खंडवा धार के रास्तों पर भी नई व्यवस्था*
*ट्रैफिक पुलिस ने इंदौर में होने वाले कार्यक्रम के लिए यातायात व्यवस्था और डायवर्सन प्लान जारी किया है। कार्यक्रम इंदौर में कल शाम को बायपास पर एक होटल में होगा।*
◆ दिलजीत दोसांझ का शो के मद्देनजर कल 8 दिसंबर को दोपहर 12 बजे से भारी वाहनों का प्रवेश पटेल नगर क्रॉसिंग हाईवे से दस्तूर चौराहा स्टार चौराहा रेडिसन चौराहा होते हुए देवास नाका तक होगा बंद।
◆ कार पास (स्टीकर) लगे वाहन ही वीआईपी द्वार तक जा सकेंगे।
इंदौर बायपास स्थित C-21 इस्टेट ग्राउंड पर कल दिनांक 08 दिसंबर 2024 को गायक कलाकार दिलजीत दोसांझ के होने वाले कार्यक्रम के मद्देनजर शो में आने वाली अपार भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने यातायात डायवर्सन व पार्किंग हेतु यातायात व्यवस्था का प्लान तैयार किया है। प्लान के अनुसार, कल दोपहर 12:00 बजे से इस क्षेत्र में भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वहीं, वीआईपी द्वार तक केवल वही वाहन जा सकेंगे, जिन पर कार्यक्रम के आयोजकों द्वारा प्रदाय किये गये खास स्टीकर लगे होंगे।
उक्त कार्यक्रम में आने वाले श्रोताओं का रूट व पार्किंग की व्यवस्था निम्नानुसार रहेगी :-
• कनाडिया की ओर से आने वाले वाहनों का प्रवेश पटेल नगर कट से होते हुए हाईवे से बेस्ट प्राइज एवं वेलवेट गार्डन, लाभगंगा, आरई 2 रोड से होगा अथवा पटेल नगर कट से बांए मुडकर खजराना मार्ग से पाकिजा कॉलोनी के बाजू से दाहिने मुडकर आरई 2 रोड़ से होते हए कार्यक्रम स्थल पार्किंग में पहुंचेंगे
• रेडिसन चौराहे की ओर से आने वाले वाहन साईं कृपा कट, स्टार चौराहा, लाभगंगा होते हुए आरई 2 रोड से निर्धारित पार्किंग में आ सकेंगे
• देवास की ओर से आने वाले वाहन चालक डीपीएस अंडरब्रिज से टीसीएल से दाहिने मुड़कर वेलवेट गार्डन तिराहा, लाभगंगा होते हुए आरई 2 मार्ग से प्रवेश कर पार्किंग में पहुंच सकेंगे और केवल वही वाहन वीआईपी द्वार तक जा सकेंगे, जिनके वाहन पर कार पास (स्टीकर) लगे होंगे, ऐसे वाहन लाभगंगा होते हुए द पार्क होटल के सामने से होकर पतंग तिराहा, दस्तूर डिलाइट के सामने से होते हुए वीआईपी द्वार तक आ सकेंगे ।
डायवर्सन प्लान:-
कल दोपहर 12:00 बजे से बसों के रूट में भी परिवर्तन किया जावेगा ।
• रेडिसन की ओर से आने वाली बसें स्टार चौराहे से लेफ्ट लेकर एडवांस एकेडमी होते हुए बेस्ट प्राइज से बायपास पर जा सकेंगी ।
• इंटरस्टेट बसों को मूसाखेडी चौराहा व तीन इमली से पालदा रोड़ होते हुए हाईवे पर भेजा जावेगा
• व्हाइट चर्च की ओर से पिपल्याहाना होकर चलने वाली बसों का भी रूट डायवर्ट किया गया है। ये बसें स्कीम नं. 140, अग्रवाल स्कूल चौराहा, बिचौली अण्डरब्रीज होकर हाईवे पर आ-जा सकेगी । अर्थात् यह बसें रिंग रोड़ होकर रेडिसन की ओर नहीं जा सकेंगी।
• इसके अलावा लवकुश चौराहा, बापट, स्कीम नंबर-136 से आने वाले भारी वाहन (ट्रक, डम्पर, बस आदि) देवास नाका से मांगलिया, सेंट्रल प्वाइंट होकर बायपास पर प्रवेश कर खंडवा-मुंबई की ओर जा सकेंगे। खंडवा-देवगुराडिया की ओर से आने वाले भारी वाहन सीधे बायपास से होकर सेंट्रल पॉइंट मांगलिया से देवास नाका होते हुए बापट एवं लवकुश चौराहे से उज्जैन-धार की ओर जा सकेंगे ।
यातायात पुलिस अपील करती है कि कार्यक्रम में आने वाले श्रोतागण कार्यक्रम स्थल के पीछे रिक्त मैदान में बनाई गई निर्धारित नि:शुल्क पार्किंग में ही अपने वाहन पार्क करें, मुख्य मार्गों पर वाहन पार्क नहीं करें अन्यथा ऐसे वाहन क्रेन के द्वारा उठायें जाएंगे। अत: भारी जुर्माने एवं असुविधा से बचने हेतु वाहनों को निर्धारित नि:शुल्क पार्किंग में ही पार्क करें ।