इंदौर में डीएवीवी (देवी अहिल्या विश्वविद्यालय) के स्टूडेंट्स ने वार्डन नम्रता शर्मा को हटाने की मांग की है। उन्होंने कुलपति रेणु जैन को इसके लिए ज्ञापन दिया और कैंपस में इस मामले के पोस्टर भी लगाए। दरअसल, वार्डन नम्रता शर्मा कैंपस में अपने डॅाग को लेकर आती हैं और वह कई बार स्टूडेंट्स पर हमला कर चुका है। कुछ दिन पहले उसने एक स्टूडेंट्स के हाथ में काट लिया था जिससे उसे गहरा घाव भी हो गया था। इसके बाद से छात्र इस मामले में भड़के हुए हैं। छात्रों ने कैंपस में पोस्टर लगाए हैं जिन पर लिखा है कि मैडम बेटू तुमको प्यारा है लेकिन बच्चों ने क्या बिगाड़ा है।
विज्ञापन
एनएसयूआई पदाधिकारियों ने देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में कुलपति ऑफिस के गेट पर भी यह पोस्टर चस्पा किए हैं। एनएसयूआई हॉस्टल वार्डन नम्रता शर्मा को हटाने की मांग कर रही है। एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि वार्डन को नहीं हटाया गया तो वे डॉग ले जाकर उनके डॉग से फाइट करवाएंगे साथ ही उग्र आंदोलन भी करेंगे।
छात्रों पर डॅाग से हमला करवाने का आरोप
दरअसल, अभाविप ने मंगलवार को इस संबंध में कुलपति डॉ.रेणु जैन से शिकायत की थी कि देवी अहिल्या विश्वविद्यायल में अध्यापिका एवं हॉस्टल वार्डन नम्रता शर्मा द्वारा छात्रों की आवाज को दबाया जाता है। आवाज उठाने पर स्टूडेंट्स पर डॉग से अटैक कराया गया। वे डॉग लेकर यूनिवर्सिटी में आती हैं। वहीं बुधवार को मामले में एनएसयूआई कार्यकर्ता आरएनटी मार्ग स्थित यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक कैंपस पहुंचे।
विज्ञापन
या तो नम्रता मैडम नौकरी करें या उनका बेटू
एनएसयूआई के प्रदेश महासचिव यश यादव का कहना है कि चीफ वार्डन नम्रता शर्मा डॉग को यूनिवर्सिटी लेकर आती है। उनका डॉग कई बार प्रोफेसर और स्टूडेंट्स पर हमला कर चुका है। कुलपति मैडम को नम्रता शर्मा मैडम को तत्काल हटाना चाहिए। ये स्पष्ट करना चाहिए कि या तो नम्रता मैडम नौकरी करें या फिर उनका बेटू। लगातार मैडम की शिकायत आ रही है। अगर कुलपति मैडम इस पर रोक नहीं लगाती है तो एनएसयूआई ने अभी तो पोस्टर लगाए हैं अगली बार से कुत्ते लाकर प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही नम्रता शर्मा जी का जो बेटू (डॉग) है उसकी और एनएसयूआई के डॉग्स की फाइट कराई जाएगी।