इंदौर में लगातार बाारिश का दौर जारी।
- फोटो : amar ujala digital
इंदौर में मानसून की आमद देर से भले ही हुई हो, लेकिन अब काले बादल लगातार शहर पर मेहरबान हैै। शहर में कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर जारी है। बीते 24 घंटे में इंदौर में दो इंच से ज्यादा बाारिश हो चुकी है। इंदौर जिले में अब तक साढ़े 13 इंच बारिश रिकार्ड की गई है। आने वाले सात दिनों तक मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा।
शहर का मौसम खुशनुमा है। काले बादलों ने शहर में डेरा डाल रखा है। धूप नहीं खिल रही है। इस कारण पारा भी लुढ़का हुआ है। मंगलवार को दिन का तापमान 27.4 डिग्री था, जो सामान्य से चार डिग्री कम है,जबकि रात का तापमान 21.8 डिग्री है।
बुधवार सुबह से ही रिमझिम बारिश का दौर शहर में जारी है। मंगलवार को तेज बारिश से जनजीवन बेहाल हो गया था। सड़कें लबालब हो गई थी और निचली इलाकों में जलजमाव हो गया था। कई इलाकों मेें बिजली भी गुल रही। बुधवार सुबह भी कुछ इलाकों में तेज बारिश हुई। शहर में पश्चिम के बजाए पूर्वी क्षेत्र मेें ज्यादा बारिश हो रही है। बुधवार सुबह तक पूर्वी क्षेत्र में डेढ़ इंच बारिश हुई,जबकि पश्चिमी क्षेत्र मेें आधा इंच से ज्यादा बारिश हुई।
पिछले 24 घंटे में इंदौर जिले के सांवेर में सबसे ज्यादा पौने तीन इंच से अधिक वर्षा हुई है। इसी तरह देपालपुर क्षेत्र में लगभग ढाई इंच वर्षा हुई है। विमानतल के मौसम केन्द्र पर आधा इंच बारिश रिकार्ड की गई,जबकि कृषि महाविद्यालय के मौसम केंद्र में डेढ़ इंच बारिश रिकार्ड की गई। महू में पौन इंच, गौतमपुरा में एक इंच से अधिक से अधिक बारिश हुई। इसे मिलाकर इंदौर जिले में जारी मानसून सत्र में अब तक साढ़े 13 इंच से अधिक औसत वर्षा हो चुकी है। यह गत वर्ष इस अवधि में हुई वर्षा से 124.7 मिली मीटर (लगभग पांच इंच) अधिक है। पिछले साल 12 जुलाई तक जिले में साढ़े 8 इंच से अधिक औसत वर्षा दर्ज की गई थी।
जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के उपर सक्रिय सिस्टम के अलावा एक द्रोणिका मध्य प्रदेश के उपर से गुजर रही है। इसके अलावा अरब सागर से भी नमी अा रही है। इस कारण गुरुवार और शुक्रवार को तेज बारिश हो सकती है। बारिश का दौर अगले सात दिनों तक जारी रहेगा।