इंदौर शहर कांग्रेस कमेटी के नवनियुक्त अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने रविवार को विशाल रैली के रूप में कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष का पदभार ग्रहण किया। सुबह सबसे पहले सुरजीत सिंह चड्ढा ने देवी अहिल्या बाई की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इसके बाद वे विशाल रैली के रूप में कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पहुंचे। रास्ते पर कई मंचों से हजारों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में सभी कांग्रेस नेताओं ने एकजुट होकर विधानसभा चुनाव लड़ने का संकल्प लिया।
इंदौर से ही बनता है चुनाव का माहौल
इस अवसर पर अपने संबोधन में पूर्व लोकसभा सदस्य और केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने कहा कि इंदौर से पूरे प्रदेश में कांग्रेस का माहौल बनता है और निश्चित रूप से विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की सरकार बनेगी। पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि स्व. उजागर सिंह की टीम ने कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए बहुत कार्य किए थे। आज सुरजीत सिंह दस कदम आगे बढ़कर कांग्रेस को मजबूत करेंगे। संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी ने कहा कि साढ़े पांच माह में इंदौर के सभी कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने जो सहयोग दिया मैं उन्हें धन्यवाद अदा करता हूं, आभार व्यक्त करता हूं। पूर्व मंत्री जीतू पटवारी ने कहा कि सुरजीत सिंह चड्ढा मेरे दोस्त हैं और पूरी कांग्रेस पार्टी ने उनके अध्यक्ष बनने पर अपना समर्थन व्यक्त किया है। निश्चित ही उनके नेतृत्व में कांग्रेस मजबूत होगी और कांग्रेस पार्टी इंदौर की सभी विधानसभा सीट जीतेगी। शोभा ओझा ने अपने संबोधन में सुरजीत सिंह चड्ढा को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित ही उनके नेतृत्व में कांग्रेस और अधिक मजबूत होगी।
अहिल्या प्रतिमा पर कांग्रेसी नेता
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
नए अध्यक्ष ने नहीं बनाया निजी कार्यालय, गांधी भवन में ही बैठेंगे
पूर्व विधायक अश्विन जोशी ने कहा कि आज मुझे सबसे ज्यादा खुशी है कि स्व उजागर सिंह ने जो एक मेहनतकश कांग्रेसी नेता थे जिन्होंने कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए सतत प्रयास किया। आज उनका बेटा शहर कांग्रेस का अध्यक्ष बनकर आया है मैं उन्हें बधाई देता हूं। विधायक विपिन वानखेड़े ने अपनी शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सुरजीत सिंह चड्ढा के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी मजबूत होगी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सदाशिव यादव ने कहा कि जिला एवं शहर कांग्रेस मिलकर कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे और आगामी विधानसभा में शहर एवं जिले की सभी सीटों को जिताएंगे। नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे ने सुरजीत सिंह चड्ढा को बधाई देते हुए कहा कि निश्चित ही सुरजीत सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी इंदौर शहर में और अधिक मजबूत होगी और हम विधानसभा चुनाव सभी सीटों पर जीतेंगे। अंत में नवनियुक्त अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा ने अपने संबोधन में कहा कि मैं कांग्रेस का कार्यकर्ता हूं और सभी कांग्रेस नेताओं को साथ लेकर कांग्रेस पार्टी को मजबूत करूंगा। मेरा कोई निजी ऑफिस नहीं रहेगा। मैं रोज दोपहर 3:00 से 5:00 बजे तक कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मुलाकात करूंगा। राजेश शर्मा, अरविंद बागड़ी ने भी संबोधित किया।
कार्यक्रम का संचालन देवेंद्र सिंह यादव ने किया एवं आभार शहर महिला कांग्रेस अध्यक्ष साक्षी शुक्ला ने माना। इस अवसर पर मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव, पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जीतू पटवारी, प्रभारी महेंद्र जोशी, विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, विपिन वानखेड़े, शोभा ओझा, पूर्व विधायक अश्विन जोशी, चिंटू चौकसे, स्वप्निल कोठारी, पिंटू जोशी, राजेश चौकसे, अर्चना जायसवाल, राजेश चौकसे, चन्द्रशेखर शर्मा, अरविंद बागड़ी, राजेश शर्मा सहित वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित थे।