बाइक पर सिगड़ी बांध कर हाथ तापता युवक
- फोटो : amar ujala digital
देश के विभिन्न शहरों में बाइक पर रोमांस की खबरें तो आ चुकी हैं, लेकिन अब इंदौर से चौंकाने वाली खबर आई है। शहर में एक युवक को चलती बाइक पर सिगड़ी जलाकर हाथ सेंकना महंगा पड़ गया। ट्रैफिक पुलिस ने बाइक जब्त कर ली है। पुलिस अब सेंकने वाले युवक को तलाश रही है, ताकि पुलिसिया अंदाज में 'हाथ तपाए' जा सकें।
इंदौर के गौरीनगर में रहने वाला युवक अपने दोस्तों के साथ घूमने निकला था। वह विजय क्षेत्र की सड़कों पर घूूम रहा था। कुछ अनोखा करने के चक्कर में उसने सिगड़ी में कोयले भर कर जलाए और उसे बाइक के कैरियर से बांध लिया। एक साथी उल्टा मुंह कर के बैठ गया और हाथ सेंकते हुए वीडियो बना रहा था। बाइक पर बांधी गई सिगड़ी की लपटें न बुझे, इसलिए युवक गत्ते के टुकड़े से हवा भी करता नजर आ रहा था।
महंगा पड़ गया स्टंट
ठंड से बचने का युवक का यह स्टंट भरा उपाय युवक को महंगा पड़ा गया। पुलिस अब दोनों युवकों की ठंड उड़ाने वाली है। दरअसल, बाइक सवार युवक ने जैसे ही यह वीडियो अपने फेसबुक अकाउंट पर अपलोड किया। जैसे ही इसकी जानकारी ट्रैफिक पुलिस को मिली तो अफसरों ने बाइक नंबर के आधार पर बाइक मालिक की जानकारी निकाली। पता गौरीनगर का मिला। इसके बाद वहां जाकर पुलिस ने बाइक जब्त कर ली।
दोनों युवक रफूचक्कर, केस दर्ज
लेकिन बाइक पर हाथ सेंकने वाला युवक और उसका साथी शहर से रफूचक्कर हो गए, इसलिए पुलिस दोनों को गिरफ्तार नहीं कर पाई। डीसीपी महेशचंद जैन ने बताया कि दोनों युवकों के खिलाफ विजय नगर थाने में प्रकरण कराया गया है।