इंदौर में एक 32 वर्षीय युवक की मैगी, दलिया और कड़ी खाने के बाद मौत का मामला सामने आया है। युवक एक निजी कंपनी में अकांउंटेंट के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि गुरुवार रात को वह दफ्तर से घर लौटा था। इसके बाद उसने मैगी खाई थी। कुछ देर बाद उसने दलिया और कड़ी भी खाई थी। ये सभी खाने के बाद उसे बैचेनी महसूस होने लगी और बेहोशी छाने लगी। परिवार के लोग युवक की हालत देखकर घबरा गए और उसे तत्काल डॉक्टर के पास ले गए, डाक्टर ने युवक की जांच कर और उसे मृत घोषित कर दिया।
एमआईजी पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार युवक का नाम विजय पिता कालूराम पांचाल है। वह शिवशक्ति नगर में रहता है। विजय पीथमपुर की एक कंपनी में अकाउंटेंट के पद पर कार्यरत था। बताया जा रहा है कि रात का खाना खाने के बाद अचानक उसे उल्टियां होने लगी, जब परिजनों ने तबीयत ज्यादा खराब होती देखी तो वह उसे ऑटो रिक्शा से एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे थे। ऑटो से उतरकर विजय थोड़ी दूर पैदल चला, लेकिन इमरजेंसी वार्ड तक नहीं पहुंच पाया। वह उसके पहले ही चक्कर खाकर गिर गया। परिजन उसे स्ट्रेचर पर लेटा कर डॉक्टर के पास ले गए। डाक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। विजय के परिवार में पत्नी चेतना, छोटा भाई, छोटी बहन और माता-पिता हैं।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वजह पता चलेगी। बता दें, चार दिन पहले इंदौर के राऊ क्षेत्र में एक महिला की आम खाने के बाद मौत हो गई थी। महिला की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहरीला पदार्थ खाने से मौत बताई गई है। लेकिन न तो उसने आत्महत्या की थी और न ही घर में किसी तरह के पारिवारिक विवाद की बात सामने आई थी। पुलिस ने आम भी जब्त किए थे।