इंदौर में पेंटर को अचानक दिल का दौरा पड़ा। पुताई का काम करते समय उसे सीने में दर्द हुआ और वह एक बाल्टी पर बैठा। चंद पलों के बाद ही वह गिर पड़ा। साथियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया लेकिन वह बच नहीं सका। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें वह घटना से पहले काम करते हुए भी दिख रहा है। उसे Heart Attack आया था।
चंदन नगर पुलिस ने बताया कि आशीष (28) पुत्र मुन्नालाल सिंह इंदौर के स्कीम नंबर 71 का निवासी है। वह ठेकेदार हरीलाल पेटवाल के साथ मंगलवार शाम दस्तूर गार्डन के पास एक साइट पर काम कर रहा था। यहां आशीष के साथ तीन-चार और कर्मचारी भी काम कर रहे थे। कर्मचारियों ने बताया कि काम करते वक्त आशीष अचानक ही नीचे एक बाल्टी पर बैठा और कुछ देर बाद गिर गया।
सीसीटीवी में दिखी हार्टअटैक की घटना
सभी के बयान लेने के बाद पुलिस ने जब आसपास के सीसीटीवी देखे तो पता चला कि आशीष को हार्टअटैक आया है। अभी आशीष की शादी नहीं हुई थी। उसके परिवार में बड़ा भाई मनीष है। पिता की कुछ साल पहले हार्ट अटैक से ही मौत हो गई थी।
इंदौर में लगातार हो रही इस तरह की घटनाएं
इंदौर में लगतार कम उम्र में हार्ट अटैक आने की घटनाएं हो रही हैं। कुछ समय पहले सीबीएसई स्कूल के एक कार्यक्रम में 10वीं बच्ची को ही हार्टअटैक आ गया था। इसके बाद कई युवाओं को भी हार्टअटैक आ चुका है। जिम में कसरत करने के दौरान भी इस तरह की कई घटनाएं हो चुकी हैं।