कोविड पॉजिटिव मंत्रियों के मुखौटे लगाकर उपवास पर बैठे युकां पदाधिकारी
- फोटो : सोशल मीडिया
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में 18 जनवरी से ऑफलाइन परीक्षा का कार्यक्रम है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसकी तैयारियां कर ली हैं, लेकिन विरोध भी जारी है। छात्र संगठन ऑनलाइन परीक्षा करवाने की मांग कर रहे हैं। सोमवार को युवा कांग्रेस ने उपवास रखकर ऑफलाइन परीक्षा का विरोध जताया।
दरअसल कोरोना संक्रमण के बढ़ने के कारण छात्र संगठन मांग कर रहे हैं कि यूनिवर्सिटी की परीक्षाएं ऑनलाइन या ओपन बुक प्रणाली से करवाई जाएं। ऑफलाइन परीक्षा में संक्रमण फैलने का खतरा रहेगा। इसी बीच देवी अहिल्या विश्वविद्यालय में 18 जनवरी से ऑफलाइन परीक्षाएं करवाने का कार्यक्रम घोषित कर दिया। इसके बाद से विरोध के स्वर उठ रहे हैं।
छात्र संगठनों का विरोध जारी है तो गत दिनों मप्र के पूर्व मंत्री, कांग्रेस विधायक जीतू पटवारी ने भी कहा था कि ऐसी परिस्थितियों में ऑनलाइन परीक्षा करवानी चाहिए। यदि ऑफलाइन परीक्षा ही करवानी है तो फिर परीक्षा आगे बढ़ाई जाए। सोमवार को युवा कांग्रेस ने भी ऑनलाइन परीक्षा की मांग करते हुए विरोध जताया। युवा कांग्रेस के पदाधिकारी भाजपा सरकार के मंत्रियों विश्वास सांरग, गोविंद सिंह राजपूत और तुलसी सिलावट का मुखौटा लगाकर उपवास पर बैठे।
उनके हाथों में पोस्टर थे, जिन पर लिखा था कि मैं मध्यप्रदेश सरकार में मंत्री हूं। मैं कोरोना पॉजिटिव हूं। मुख्यमंत्री जी इसलिए छात्रों की परीक्षा ओपन बुक या ऑनलाइन मोड़ में लो। युवा कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष जावेद खान का कहना है कि इंदौर में लगातार कोरोना के मामले बढ़ते जा रहे हैं। एक तरफ कलेक्टर बोल रहे हैं आने वाले दिनों में कोरोना पीक पर होगा तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री अपने तीन मंत्रियों के पॉजिटिव होने के बाद भी विद्यार्थियों की परीक्षा करवाना चाह रहे हैं। विद्यार्थियों को कुछ हो गया तो उसकी जिम्मेदारी कौन लेगा। मुख्यमंत्री की सद्बुद्धि के लिए युवा कांग्रेस ने उपवास किया है।