इंदौर में ब्लैकमेल कर मांगे 50 लाख
- फोटो : सोशल मीडिया
शहर में ब्लैकमेलिंग के केस बढ़ते ही जा रहे हैं। ताजा मामला इंदौर के सदर बाजार का है। यहां के ब्रह्म बाग कॉलोनी में रहने वाले सुधीर जायसवाल ने रामबाग निवासी नीरज, अमित समेत एक मॉडल के खिलाफ आईपीसी की कई धाराओं में केस दर्ज करवाया है।
सुधीर ने बताया कि इन दोनों युवकों और एक मॉडल ने उनसे आठ लाख हड़प लिए और अब मॉडल मामले को खत्म करने के लिए पूरे 50 लाख मांग रही है। सुधीर ने बताया कि मॉडल ने उस पर दुष्कर्म का केस भी कर दिया था। वह पुलिस को फोन कॉल की रिकॉर्डिंग व अन्य सबूत सौंपने के बाद बच सका।
सुधीर ने पुलिस को बताया उसका सांवेर रोड पर मशीन बनाने का कारखाना है। 20 जून 2017 को जिला कोर्ट में उसने व्यावसायिक लेन-देन के मामले में नीरज शर्मा के खिलाफ 7.55 लाख का चेक बाउंस का केस किया था। इसी वजह से नीरज उसे लगातार फंसाने की कोशिश करने लगा।
साल 2017 में नीरज ने उसके साथी अमित चावला व एक मॉडल के साथ मिलकर सुधीर को झूठे केस में फंसाकर जेल भिजवा दिया था। फिर जमानत पर वह बाहर आया। सुधीर ने आगे बताया कि जमानत मिलने के बाद वे पैसे मांगने लगे और रेप का केस दर्ज करवाने की धमकी देने लगे। उन्होंने कई बार उसे जान से मारने की भी धमकी दी। इसके अलावा घर में घुसकर मारपीट भी कर चुके हैं।
सुधीर के मुताबिक, अब तक ये लोग ब्लैकमेल करके 8 लाख रुपये ले चुके हैं और अब कह रहे थे कि 50 लाख रुपये लेकर मामला खत्म कर देंगे। वहीं, आरोपी अमित चावला ने पुलिस से कहा कि इन सारे मामलों में मेरा कोई लेना देना नहीं है जबकि नीरज शर्मा का कहना है कि सुधीर दुष्कर्म का आरोपी है और मैं इसका गवाह हूं। मुझे फंसाने के लिए इसने लड़की और हमारे खिलाफ पुलिस में केस दर्ज करवाया है।