कोरोना के बढ़ते आंकड़ों से मंगलवार को भी राहत मिली। 24 घंटे में 1992 नए कोरोना मरीज मिले। दो मरीजों की मौत हुई। एक राहतभरी यह खबर यह भी आई कि इंदौर के जिन 21 लोगों में ओमिक्रॉन के नए वैरिएंट की पुष्टि हुई थी उनमें से 20 स्वस्थ होकर अस्पताल से घर जा चुके हैं।
दरअसल सोमवार रात को नए मरीजों की संख्या में कमी आई थी और आंकड़ा 2 हजार के नीचे आ गया था। मंगलवार रात को भी यही स्थिति रही। मंगलवार रात जारी बुलेटिन में 1992 नए कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले। संक्रमण दर भी 17.65 प्रतिशत रही। अभी भी 20 हजार 777 मरीज उपचाररत है। इधर मंगलवार को दो कोरोना मरीजों की मौत हुई। इनमें एक 67 वर्षीय पुरुष और दूसरा 72 वर्षीय पुरुष है। इनमें से एक को ह्रदय संबंधी बीमारी थी तो दूसरे को मधुमेह व अन्य बीमारी थी।
नए वैरिएंट के 20 मरीज हुए स्वस्थ
राहतभरी खबर यह भी है कि ओमिक्रॉन के नए वैरिएंट बीए.2 की चपेट में आए 21 लोगों में से 20 स्वस्थ हो चुके हैं। इनकी अस्पताल से छुट्टी हो चुकी है। एक महिला ऑक्सीजन बेड पर है। उसे कोरोना के अलावा किडनी की भी बीमारी है। नए वैरिएंट के शिकार कुछ लोग ऐसे भी थे जिनको अस्पताल नहीं जाना पड़ा और घर पर ही इलाज से ठीक हुए। हालांकि यह बात भी सामने आई कि नए वैरिएंट की चपेट में आए कुछ लोगों को कोरोना के अन्य मरीजों की तुलना में ठीक होने में करीब तीन गुना ज्यादा समय लगा और दवाई भी पॉवरफुल देनी पड़ी वहीं कुछ ऐसे भी रहे जिनको अस्पताल में भर्ती नहीं होना पड़ा।