जिस विमान में केंद्रीय राज्य गृह मंत्री निशीथ प्रामाणिक इंदौर आए थे उसकी इंदौर में इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी। मंत्री को छोड़ने के बाद विमान वापस जा रहा था इसी दौरान उसके इंजिन में खराबी आ गई थी, इस कारण इंदौर एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग करवानी पड़ी।
दरअसल पश्चिम बंगाल के कूचबिहार से सांसद व केंद्रीय गृह राज्य मंत्री निशीथ प्रामाणिक मंगलवार शाम को चार्टर्ड विमान से इंदौर आए थे। उनको छोड़ने के बाद विमान में ईंधन भरवाना था जिसके बाद वापस दिल्ली लौटना था। विमान में पायलट और सह पायलट बैठे थे। एयरपोर्ट से उड़ान भरने के बाद कुछ दूर जाने पर ही इंजिन में खराबी आ गई। पायलट ने इसकी सूचना एयर ट्रैफिक कंट्रोल को दी और इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी।
अनुमति मिलने के बाद एयरपोर्ट पर इमरजेंसी घोषित की गई और फायर एंबुलेंस सहित अन्य विभागों को जानकारी दी। इसके बाद एयरपोर्ट पर विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करवाई गई। एयरपोर्ट प्रबंधन के अनुसार विमान इंदौर से रवाना होने केबाद करीब 92 किलोमीटर दूर चला गया था, इसी दौरान उसके इंजिन में खराबी आ गई। पायलट की सूझबूझ के कारण हादसा टल गया। इंदौर में लैंडिंग के बाद विमान को वहीं खड़ा कर दिया। कंपनी ने विमान में सुधार के लिए दिल्ली से पार्ट्स और इंजीनियर बुलवाए गए।