पुलिस ने ऐसे शराब तस्करों को पकड़ा है जो ट्रक के अंदर शराब छिपाकर ले जा रहे थे। लोहे के केबिन में शराब की पेटियां छिपा रखी थीं। पुलिस ने लोहा काटने वालों को बुलवाया और इसके बाद शराब की पेटियां बरामद हुईं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के मुताबिक बदनावर पुलिस को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में अंग्रेजी शराब ले जाई जा रही है। पुलिस ने इस ट्रक को रोककर तलाशी ली। तस्करों ने ट्रक में लोहे का केबिन रखा हुआ था जिसके अंदर शराब की पेटियां रखी थीं। इस कारण जब पुलिस ने तलाशी तो कुछ नहीं मिला। पुलिस को पहले तो लगा कि सूचना गलत है लेकिन बाद में लोहे के केबिन को देखने पर शक हुआ। इस पर पुलिस ने केबिन का लॉक खोला। इसके अंदर लोहे की पेटी रखी थी।
पुलिस ने रात में ही लोहा काटने वाला कारीगर बुलवाया। एक घंटे की मशक्कत के बाद कटर से केबिन को काटा और उसके अंदर से शराब की 655 पेटियां निकलीं। टीआई सीबी सिंह के अनुसार सूचना मिली थी कि ट्रक से अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। नाकाबंदी कर ट्रक रोका और चालक और परिचालक से पूछताछ के बाद तिरपाल हटाया गया और ट्रक की तलाशी ली गई। अंदर की ओर लोहे का बड़ा केबिन दिखाई दिया। ट्रक को लेकर पुलिस रात में थाने पहुंची। ट्रक के अंदर रखी हुई कुल 655 पेटी शराब की जब्त की गई है। शराब की कुल कीमत 6 लाख 65 हजार रुपये है। पुलिस ने ट्रक में सवार सलमान मोहम्मद और सलीम शेख को गिरफ्तार किया है। शुरुआती पूछताछ में आरोपियों का कहना है कि वे वाहन को पेटलावद ले जा रहे थे।