कश्मीर में एक माह में नौ हत्याओं के विरोध में कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेसजनों ने पीएम नरेंद्र मोदी के फोटो पर ताले लगाए और उन्हें ताले भेंट किए। कहा कि लगातार हो ही हत्याओं के मामले में पीएम मोदी चुप क्यों है।
कश्मीर में आतंकियों द्वारा की जा रही कश्मीरी पंडितों व गैर कश्मीरी की हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में केंद्र सरकार निशाने पर है। इंदौर में विरोध प्रदर्शन हुआ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोटो पर ताले लगाए। उन्हें ताले भी गिफ्ट किए।
विज्ञापन
दरअसल, कांग्रेस ने शनिवार को विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यालय के बाहर कांग्रेसी एकत्र हुए। उन्होंने कश्मीरी पंडितों और गैर कश्मीरी लोगों की हत्याओं के मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी पर सवाल उठाए। शहर कांग्रेस प्रवक्ता विवेक खंडेलवाल, गिरीश जोशी के नेतृत्व में ये विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि कश्मीर में सबसे बड़ा पलायन हो रहा है। वहां रहने वाले कश्मीरी नागरिक और अन्य प्रदेशों के लोग वहां से अपना घर, नौकरी, दुकान सब छोड़कर पलायन को मजबूर है। इस सबके बावजूद प्रधानमंत्री चुप हैं। कांग्रेस नेताओं ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर सप्ताह मन की बात करने वाले पीएम हैं मगर वे कश्मीरी लोगों के दर्द पर कुछ नहीं बोल रहे हैं। आएदिन वहां घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। पीएम मुंह पर ताला लगाकर बैठ गए हैं। इसलिए उनके मुंह पर ताला लगाकर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने पीएम मोदी के फोटो पर लिखा मोदी क्यों है चुप? कश्मीरी पंडितों के पलायन पर मोदी के मुंह पर ताला क्यों? कश्मीरी पंडितों और हिंदुओं की हत्या पर चुप रहने वाले पीएम मोदी हमारी ओर से ताले की भेंट स्वीकार करें। इसके साथ ही पीएम मोदी का फोटो लगाकर उनके मुंह पर ताला लगाया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने जमकर नारेबाजी भी की।