भगवान के दर पर जाकर उनसे मांगने वाले भक्त तो कई देखे हैं लेकिन क्या कभी ऐसा देखा है कि कोई मांगने के बजाय भगवान को ही उठा ले जाए। सुनकर हैरानी भले हो मगर ये सच है। महाशिवरात्रि पर एक शिव मंदिर से शिवलिंग ही कोई उठा ले गया। जब लोग दर्शन करने पहुंचे तो हैरान हो गए। तत्काल नए शिवलिंग को स्थापित किया, तब जाकर लोगों ने दर्शन-पूजन किया।
भगवान को चोरी करने की यह घटना हुई है इंदौर के लसूड़िया थाना क्षेत्र के त्रिवेणी बाल हनुमान मंदिर में। दरअसल निपानिया में स्थित इस मंदिर में शिवलिंग ही गायब हो गया। महाशिवरात्रि के पहले कोई मंदिर में घुसा और शिवलिंग ले गया। केवल जलाधारी बची रह गई। जब इसकी सूचना मिली तो सबके होश उड़ गए। बाद में तत्काल नए शिवलिंग को लाकर प्राण-प्रतिष्ठा करवाई। इसके बाद पूजन हो सका।
मंदिर के पुजारी रमेश कुमार गोस्वामी ने इस मामले में पुलिस थाने पहुंचकर रिपोर्ट लिखाई है। पुजारी ने बताया कि उनके पास में राहुल सोनी का फोन आया था। उन्होंने बताया कि शिवलिंग को कोई चुराकर ले गया है। इस पर मंदिर पहुंचकर देखा तो शिवलिंग गायब था। एक दिन पहले रात 10.30 बजे तक मंदिर पर थे। इसके बाद घर चले गए। सुबह जब आसपास के लोग वहां पर पहुंचे तो इस बारे में पता चला। महाशिवरात्रि के चलते तत्काल नया शिवलिंग लाए और प्राण प्रतिष्ठा की गई ताकि मंदिर में पूजा हो सके।
इस मामले में पुलिस ने चोर की तलाश शुरू की है। पुलिस को आशंका है कि आरोपी कोई नशेड़ी हो सकता है, जिसने यह वारदात की है। आसपास से सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा रहे हैं। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले भक्त घटना से आक्रोशित है। उनका कहना है कि पहले भी इस मंदिर से सामान चोरी हुआ है। पुलिस से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की है।