हादसे में घायल पोकलेन के चालक को अस्पताल ले जाया गया
- फोटो : सोशल मीडिया
अवैध भवन तोड़ने की कार्रवाई के दौरान गुरुवार को हादसा हो गया। जिस पोकलेन से भवन तोड़ा जा रहा था उस पर भवन का मलबा गिर गया। इस कारण पोकलेन का चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
जानकारी के मुताबिक गुरुवार को स्कीम नंबर 140 में निगम की रिमूवल गैंग अवैध निर्माण तोड़ रही थी। पोकलेन की मदद से अवैध भवन तोड़ा जा रहा था। कार्रवाई के दौरान भवन का मलबा अचानक पोकलेन पर गिर गया। इसके चलते पोकलेन में बैठा ड्रायवर संजय लाल वर्मा गंभीर रूप से घायल हो गया। एक अन्य निगम कर्मचारी को भी चोट आई। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर नगर निगम की भवन अधिकारी गजल खन्ना मौजूद थीं। घटना की सूचना मिलते ही अपर आयुक्त संदीप सोनी मौके पर पहुंचे।
बताया जा रहा है कि स्कीम नंबर 140 में अवैध रूप से दो मंजिला भवन का निर्माण हो रहा था। जिसे तोड़ने के लिए निगम की रिमूवल टीम मौके पर पहुंची थी। जोन 9 की भवन अधिकारी गजल खन्ना के मुताबिक संजय लाल वर्मा नगर निगम का कर्मचारी नहीं है। वह नगर निगम द्वारा किराये पर ली गई प्राइवेट जेसीबी का चालक है। हादसे में निगमकर्मी विनीत तिवारी घायल हुए हैं। स्कीम नंबर 140 में 93 बी प्लॉट नंबर से नक्शा पास कराया गया था, जहां जी प्लस टू का निर्माण किया जा रहा था, जबकि इस नंबर का प्लॉट करनावत का है। लेकिन इस पर नरोत्तम परतानी द्वारा नक्शा पास करवा कर अवैध रूप से दो मंजिला भवन का निर्माण कराया जा रहा था। इसे तोड़ने की कार्रवाई के दौरान यह हादसा हुआ।