मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के जन्मदिन के अवसर पर राशन वितरित करने के एक कार्यक्रम को लेकर भाजपा के पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। राशन वितरण के दौरान जमकर लूटपाट हुई थी और सामाजिक दूरी के नियमों की धज्जियां उड़ाई गईं। पुलिस ने शनिवार को इसकी जानकारी दी।
मल्हारगंज पुलिस स्टेशन के निरीक्षक संजय मिश्रा ने कहा कि शुरू में आईपीसी की धारा 188 (सार्वजनिक सभा पर प्रतिबंध लगाने वाले सरकारी आदेश की अवहेलना) के तहत अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था, लेकिन जांच के दौरान गुप्ता का नाम भी मामले में सामने आया और उन पर भी मुकदमा दर्ज किया गया।
मिश्रा ने कहा कि बाणगंगा में आयोजित कार्यक्रम के आयोजकों ने इसके लिए कोई आधिकारिक अनुमति नहीं ली थी। उन्होंने आगे कहा कि अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास जारी हैं।
घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था, जिसमें देखा जा सकता था कि कैसे सामाजिक दूरी के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं।
चश्मदीदों ने बताया कि तोमर के 63वें जन्मदिन के मौके पर शहर के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता सुदर्शन गुप्ता की अगुवाई में पार्टी नेताओं ने बाणगंगा क्षेत्र के एक खुले मैदान में 2,000 जरूरतमंद परिवारों को राशन बांटने का कार्यक्रम आयोजित किया था। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं भी मौजूद थीं।
चश्मदीदों के मुताबिक कार्यक्रम में कुछ देर तक तो व्यवस्थित तरीके से राशन बंटता रहा। लेकिन बाद में लोगों के सब्र का बांध टूट गया और उन्होंने राशन के लिए बुरी तरह छीना-झपटी शुरू कर दी। इस स्थिति पर बड़ी मुश्किल से काबू पाया गया।
इस बीच, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने दावा किया कि कार्यक्रम में उनके मौजूद रहने तक टोकन पद्धति से राशन बांटा गया। लेकिन उनके जाने के बाद कुछ लोगों ने राशन वितरण कार्यक्रम में अव्यवस्था उत्पन्न की।