करोड़ों की लागत से हाल ही में बनकर तैयार हुए सरवटे बस स्टैंड पर एजेंटी शुरू हो गई है। पुलिस पर भी एजेंटों से मिलीभगत के आरोप लगे हैं। पुलिस ने इस मामले में 13 एजेंटों के खिलाफ केस दर्ज किया है। पांच पुलिसकर्मी भी निलंबित हुए हैं।
पुलिस थाना छोटी ग्वालटोली ने बताया कि मामले में स्टेशन के प्रबंधक गिरधारीलाल पटेल की शिकायत पर सचिन, धर्मेंद्र, मनीष रानवे, बिरजू महाराज, छंगा, रजत कुशवाह, देवा, गगन, आकाश, निर्मल, शिव, दादू और राहुल धाकड़ को आरोपी बनाया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी स्टेशन से चलने वाली बसों से 30 से 80 रुपये तक की अवैध वसूली करते हैं। मंगलवार रात मनीष, देवा और रजत कुशवाह को गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जांच में यह बात भी सामने आई कि पुलिसवालों के सामने ही आरोपी बस वालों से वसूली करते थे। आरोपियों की पुलिस से मिलीभगत की भी बात सामने आई है। इसके बाद वरिष्ठ अफसरों ने मामले में संज्ञान लिया और प्रधान आरक्षक भारतसिंह, सुबोध शर्मा और आरक्षक राघवेंद्रसिंह, शैलेंद्रसिंह यादव और पंकज बघेल को निलंबित कर लाइन अटैच कर दिया। यह बात सामने आई कि इस मामले में भी पुलिस ने आरोपियों को प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर छोड़ने की तैयारी कर ली थी। इसके बाद एडिशनल डीसीपी राजेश रघुवंशी को खबर मिली तो वे थाने पहुंचे। उन्होंने थाने के स्टाफ की जमकर खिंचाई की। आरोपियों से पूछताछ कर अड़ीबाजी की धाराओं में केस दर्ज करवाया।