महिला की मौत की खबर सुनकर बिलखते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के खंडवा के महिला चिकित्सालय पर गंभीर आरोप लगे हैं। अस्पताल में मृत गर्भवती के परिजनों ने यहां तक कहा कि पहले तो कोई देखने नहीं आया, बाद में जब मरीज की मौत हो गई तो डॉक्टर-नर्स इलाज करने का नाटक करते रहे और हमसे कई कागजों पर हस्ताक्षर कराते रहे। परिजन कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा करने लगे तो पुलिस बुलाना पड़ी।
जानकारी के अनुसार मामला खंडवा के महिला चिकित्सालय लेडी बटलर का है। यहां गर्भवती और नवजात शिशुओं का इलाज किया जाता है। बीती रात इसी अस्पताल में गर्भवती महिला फरहीन की मौत हो गई। जब इसकी सूचना परिजनों को दी गई तो वे आक्रोशित हो गए और हंगामा करने लगे।उन्होंने डॉक्टर और स्टाफ नर्सों पर लापरवाही का आरोप लगाया। परिवार के एक सदस्य ने कहा कि महिला डॉक्टर और स्टाफ नर्स सो रही थीं। फरहीन से दर्द से तड़प रही थी, हम जब भी उन्हें बोलने जाते तो वह उन्हें हड़काकर भगा दे रहे थे। नर्स मोबाइल में गेम खेलने में लगी हुई थी।
सास फरीद ने बताया कि फरहीन को मंगलवार दोपहर में महिला अस्पताल लाए थे। डॉक्टर ने चेक कर कहा कि नॉर्मल डिलीवरी हो जाएगी। रात में जब फरहीन को लेबर पेन होने लगा तो हम बार-बार डॉक्टर और नर्स को बुलाते रहे। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। उल्टा स्टाफ नर्स मोबाइल में गेम खेलती रही। सास का आरोप है कि जब फरहीन की मौत हो गई तब स्टाफ वाले एक घंटे तक जबरन नौटंकी करते रहे। हमसे कहा कि उसकी सांस अभी चल रही है। और बहुत से कागजों पर सिग्नेचर लेते रहे। परिजनों का आरोप है कि उनकी बहू की मौत डॉक्टर और नर्सों की लापरवाही के चलते हुई है। उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। मांग को लेकर वे हंगामा करने लगे। मोघट टीआई ईश्वर सिंह चौहान ने अस्पताल पहुंचकर परिवार के लोगों से बात की। उन्हें समझाया इसके बाद कही जाकर मामला शांत हुआ।