कोरोना को लेकर इंदौर से चिंताजनक खबर आ रही है। सितंबर माह के बाद अब एक साथ 22 कोरोना संक्रमित मरीज मिले हैं। एक्टिव केस की संख्या 100 के पार हो गई है और विदेश से आने वाले नागरिक भी चिंता बढ़ा रहे हैं। ऐसे में अब सख्ती और सतर्कता की बातें हो रही हैं।
शुक्रवार को आई रिपोर्ट में इंदौर में 22 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले हैं। स्वास्थ्य विभाग ने करीब 6600 सैंपल की जांच की थी जिनमें से 22 संक्रमित निकले हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम इन मरीजों के घर पहुंचकर जरूरी जानकारी जुटाएगी। कांटेक्ट और ट्रेवल हिस्ट्री निकाली जाएगी। जो 22 मरीज मिले हैं उनमें विजय नगर, लसूड़िया, छत्रीपुरा, हीरानगर, तुकोगंज, भंवरकुआं, आजद नगर, एमजी रोड आदि क्षेत्र शामिल हैं। इसके पहले एक साथ 30 से ज्यादा मरीज सितंबर माह में आए थे। इसके बाद मरीजों की संख्या घटती गई। नवंबर माह में फिर से मरीज बढ़े और दिसंबर में आंकड़ा बढ़ता चला गया। अभी तक मरीजों की संख्या 15 से कम ही आ रही थी लेकिन शुक्रवार की रिपोर्ट में 22 मरीजों के मिलने के बाद से अब हालात चिंताजनक होने लगे हैं। ओमिक्रॉन वैरिएंट की फिलहाल इंदौर में आमद नहीं हुई है लेकिन विदेश से आने वाले लोगों की पॉजिटिव रिपोर्ट चिंता बढ़ा रही है।
पुलिस-प्रशासन ने शुरू की सख्ती
लगातार संक्रमित मरीज मिलने के बाद अब सख्ती शुरू हो गई है। नाइट कर्फ्यू लागू होने के बाद पुलिस रात्रि चेकिंग कर रही है। अनावश्यक घूमने वालों पर सख्ती की जा रही है। प्रशासन अस्पतालों के हालातों का जायजा ले रहा है और बैठकें लेकर अभी से कमियां दूर करने की बात कह रहा है ताकि ऐनवक्त पर परेशानी न हो। कोरोना की सख्ती को लेकर प्रशासनिक तैयारियां भले की जा रही हो लेकिन असल में ऐसा नजर नहीं आ रहा। भीड़ पर नियंत्रण नहीं है और मास्क को लेकर भी लापरवाही बरती जा रही है।
उज्जैन में 5 कोरोना पॉजिटिव मरीज मिले
इंदौर के अलावा उज्जैन में भी कोरोना संक्रमित मरीज मिल रहे हैं। इनकी संख्या बढ़ती जा रही है। कुछ दिन पहले जहां दो पॉजिटिव मरीज मिले थे वहीं अब पांच संक्रमित मरीज मिले हैं। पिछले दो सप्ताह की बात करें तो अब तक 15 कोरोना संक्रमित मरीज मिल चुके हैं। शुक्रवार को जिन चार लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है वे एक ही परिवार के हैं और उज्जैन के अभिषेक नगर में रहते हैं। इनमें कन्या महाविद्यालय के प्रोफेसर और उनके परिजन शामिल हैं। इसके अलावा सेना के एक जवान की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है जो पठानकोट से छुट्टी पर घर आया था। इधर स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि जिन मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है उनकी सेहत ठीक है। गंभीर लक्षण किसी में नहीं है। उपचार चल रहा है।