कार्बन फ्री सड़क बनाने की तैयारी में जुटा है निगम
- फोटो : सोशल मीडिया
देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में अब कार्बन फ्री सड़क घोषित करने की तैयारी हो रही है। यदि ऐसा होता है तो संभवतः देश की पहली सड़क होगी जो कार्बन फ्री होगी। सफाई के तरीकों के अलावा अन्य मापदंडों को लेकर तैयारी कर रहा है, ताकि छठी बार भी स्वच्छ शहर का ताज अपने सिर पर सजा सके।
जानकारी के मुताबिक इंदौर की एक सड़क को कार्बन फ्री घोषित करने की तैयारी की जा रही है। नगर निगम इस बार स्वच्छता की दौड़ में शामिल होने के मापदंडों में अपने परंपरागत सफाई के तरीकों के अलावा अन्य कई मापदण्डों को अपनाकर रिकॉर्ड बना रहा है। स्वच्छ शहर इंदौर ने उसने केवल सफाई ही नहीं बल्कि शुद्ध जल स्त्रोत और स्वच्छ पर्यवरण पर जोर दिया है। नदियों में मिलने वाले फैक्टरी और उद्योगों के प्रदूषित जलों को रोकने की मुहिम के साथ कचरे से खाद बनाने के अलावा इंदौर ने कचरे से बायो सीएनजी बनाकर एशिया में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
अब शहर में पर्यावरण की ओर ध्यान दिया जा रहा है और वायू प्रदूषण को कम किया जा रहा है। सीएनजी के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। शहर के 19 चौराहों पर जहां वाहनों के रेड सिग्नल होते हैं वहां इंजन बंद करने की मुहिम चलाकर वायु प्रदूषण को कम करने की कोशिश हो रही है। वहीं, अब इंदौर की एक सड़क कार्बन फ्री सड़क घोषित करने की तैयारी की जा रही है। अपुष्ट जानकारी के अनुसार बाल विनय मंदिर, माल गोदाम रोड से लैंटर्न चौराहे तक की सड़क को कार्बन फ्री सड़क घोषित किया जाएगा। बताया जा रहा है कि इस सड़क पर ईंधन से चलने वाले वाहनों का प्रवेश निषेध रहेगा। ताकि प्रदूषण न हो। इसके पहले भी इंदौर में एक सड़क को आदर्श सड़क घोषित किया जा चुका है, जिस पर जनता ने टिफिन पार्टी कर सबका ध्यान खींचा था।