बीमा की राशि हड़पने पति ने पत्नी की कराई हत्या।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले में कर्ज में फंसे एक पति ने अपनी पत्नी की बीमा राशि हड़पने के लिए साजिश रचकर उसकी हत्या करा दी। पत्नी की हत्या कराने के बाद आरोपी पति ने उसके मौसेरे भाई को उसकी हत्या में फंसाने की कोशिश भी की, लेकिन पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए उसकी साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
दरअसल राजगढ़ जिले के कुरावर थाना इलाके के माना जोड़ में 26 जून को पूजा मीणा नाम की एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। महिला के पति ने उसका 35 लाख रुपये का बीमा कराया था, आरोपी पति बद्रीप्रसाद मीणा पर करीब 40 से 50 लाख रुपये का कर्ज था उसने कर्ज से छुटकारा पाने के लिए अपनी ही पत्नी की 5 लाख रुपये में सुपारी देकर हत्या करा दी।
राजगढ़ एडिशनल SP मनकामना प्रसाद ने बताया आरोपी 40 से 50 लाख रुपये के कर्ज के बोझ में दबा था, उसने कर्ज से राहत पाने के लिए पत्नी का 35 लाख रुपये का बीमा कराया। बीमा की राशि हड़पने के लिए बद्री ने पत्नी की हत्या की साजिश रची, ताकि बीमा की राशि से वह कर्ज से मुक्ति पा सके। उसने पत्नी की हत्या कराने के लिए गोलू मीणा, शाकिर शाह और हुनरपाल सिंह को 5 लाख रुपये में पत्नी को मारने की सुपारी दी। तीनों आरोपियों ने गोली मारकर पूजा की हत्या कर दी। हत्या की साजिश का खुलासा होने पर पुलिस ने आरोपी पति बद्रीप्रसाद और हुनरपाल सिंह को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल दो आरोपी गोलू और शाकिर फरार हैं। ये दोनों हिस्ट्रीशीटर हैं।
आरोपी पति बद्रीप्रसाद ने हत्या को वारदात साबित करने के लिए खुद के शरीर पर मारपीट के निशान बनवाए थे। पत्नी की हत्या के लिए उसने जो साजिश रची उसके अनुसार वह 26 जुलाई को वारदात वाली रात 9:30 बजे पत्नी पूजा को बाइक पर बैठाकर लेकर गया और कुरावर थाना इलाके के माना जोड़ के पास बाइक खराब होने की बात कह कर रूक गया। इसी दौरान वह बाइक ठीक करने लगा और उसकी पत्नी सड़क पर बैठ गई। आरोपियों ने मौके का फायदा उठाते हुए उसे कट्टे से गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया।