राजगढ़ में चोरी के शक में युवक को बांधकर पीटा गया।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले से इंसानियत को शर्मसार करने वाला वीडियो सामने आया है। कालीपीठ थाना क्षेत्र के खारपरस गांव में चोरी के आरोप में एक युवक को भीड़ ने ट्रैक्टर-ट्रॉली से बांधकर बेरहमी से पीटा। इतना ही नहीं, गर्म लोहे के तार से दागने का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। घटना का वीडियो सामने आते ही पुलिस हरकत में आई और चार लोगों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया। वहीं पीड़ित युवक पर भी चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग एक युवक को ट्रैक्टर की ट्रॉली से रस्सी से बांधकर पूछताछ कर रहे हैं। भीड़ में शामिल लोग युवक को लात-घूंसों और डंडों से पीट रहे हैं। एक अन्य वीडियो में आरोपी गर्म तार से युवक के शरीर को दागते नजर आ रहे हैं। युवक दर्द से चीखता रहा, पर भीड़ पर कोई असर नहीं हुआ। आसपास खड़े लोग तमाशबीन बने वीडियो बनाते रहे। बताया जा रहा है कि यह वीडियो पुराना है।
ये भी पढ़ें-
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर फिर मौत का तांडव, आगे चल रहे ट्रक में जा घुसी तेज रफ्तार कार, 4 की मौत
कालीपीठ थाना पुलिस के अनुसार खारपरस गांव के कुछ ग्रामीणों ने युवक पर बकरी चोरी का आरोप लगाया था। आरोप है कि ग्रामीणों ने खुद ही फैसला सुनाते हुए युवक को पकड़ा और ट्रैक्टर से बांधकर सजा देना शुरू कर दिया। पीड़ित युवक दलित समुदाय से बताया जा रहा है। मारपीट के बाद उसे अर्धबेहोशी की हालत में छोड़ दिया गया।
वीडियो वायरल होने के बाद एसपी आदित्य मिश्रा ने मामले को गंभीरता से लिया। कालीपीठ थाना प्रभारी ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर चार आरोपियों की पहचान कर ली गई है। सभी पर बीएनएस की धाराओं और एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बाकी की तलाश जारी है। पुलिस ने पीड़ित युवक के बयान भी दर्ज किए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिस युवक के साथ मारपीट हुई है, उस पर भी ग्रामीणों ने बकरी चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसलिए युवक के खिलाफ भी चोरी की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। दोनों मामलों की अलग अलग जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून को हाथ में लेने का अधिकार किसी को नहीं है। दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी।
घटना के बाद खारपरस गांव में तनाव का माहौल है। फिलहाल पुलिस वीडियो में दिख रहे हर चेहरे की पहचान कर रही है। एसपी ने कहा कि कोई भी आरोपी बख्शा नहीं जाएगा। पीड़ित का मेडिकल कराया गया है और रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।