समूदन गांव में हाईवे के किनारे शासकीय माध्यमिक पाठशाला है। इसके परिसर में पटवारियों के बैठने के लिए बने भवन के दो कक्षों में कुछ ग्रामीणों ने 20 दिन पहले 17 गायों को बंद कर दिया था। कारण कि इन गायों ने उनके खेतों में खड़ी धान की फसल चौपट कर दी थी।
इन गायों के मरने के बाद बुधवार रात कुछ लोग अंधेरे में इन्हें जेसीबी की मदद से गड्ढा खोदकर दफना रहे थे। इसकी सूचना लगते ही गो सेवकों ने मौके पर पहुंचकर हंगामा कर दिया। साथ ही हाईवे पर ट्रैफिक जाम कर दिया। देर रात अज्ञात के खिलाफ डबरा सिटी थाने में गो वध प्रतिषेध अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया। गुरुवार को मामले की गंभीरता देखते हुए कलेक्टर, एसपी सहित प्रशासन व पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
इसी दौरान मंत्री इमरती देवी सुमन भी पहुंच गईं उन्होंने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। वहीं एसडीएम ने जनपद पंचायत, पीडब्ल्यूडी, महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला शिक्षा अधिकारी को नोटिस देकर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर अनुराग चौधरी ने कहा कि गायों की मौत की घटना अमानवीय है। दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा, कड़ी कार्रवाई करेंगे। एसडीएम स्तर से जांच कराई जा रही है।