बड़वानी जिले में नर्मदा नदी के तट पर बड़दा गांव में अवैध रेत की खदान धंसने से पांच मजदूरों की शनिवार को मौत हो गई। बड़वानी जिले के पुलिस अधीक्षक डी आर तेनिवार ने रविवार को बताया कि हादसा उस वक्त हुआ, जब ये मजदूर इस खदान से खोदी गई रेत को ट्रैक्टर-ट्रॉली में डाल रहे थे।
उन्होंने कहा कि मृतकों की शिनाख्त लल्लू लाल (32), परसराम (32), लखन उर्फ संजय (25), राकेश (32) और प्रभु दास (45) के रूप में हुई है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने घटना पर दुख व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन पीड़ित परिवारों की हर संभव मदद करेगी और पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।