भिंड में डीएसपी से शिकायत करते मनोज कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे कहता है कि देश की 30 प्रतिशत महिलाओं को लगता है कि पति अगर पीटता है तो इसमें कुछ भी गलत नहीं है। पर मध्य प्रदेश में कहानी अलग है। यहां पति पिट रहे हैं और पत्नियां उन्हें प्रताड़ित कर रही हैं। नया मामला भिंड का है। एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से बचाने के लिए पुलिस की शरण ली है।
भिंड के भारौली के पुरा इलाके में रहने वाले मनोज कुमार ने महिला सेल की डीएसपी के सामने अपनी शिकायत पेश की है। उसने कहा कि दो साल से पत्नी सोनम परेशान कर रही है। शारीरिक और मानसिक तौर पर प्रताड़ित किया जा रहा है। पत्नी समय पर खाना नहीं देती है। कुछ भी कहो तो खुद को चोटिल कर दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज कराने की धमकी देती है।
मनोज ने पुलिस को बताया कि पत्नी फोन पर किसी से बात करती है। रोकने पर खुद को चोटिल करने की धमकी देती है। ससुराल पक्ष से भी शिकायत की पर कोई सुनता ही नहीं। भारौली थाने में भी मदद की गुहार लगाई, पर किसी ने गंभीरता से नहीं लिया। मजबूरन उसे डीएसपी पूनम थापा से संपर्क साधना पड़ा। आवेदन देते समय मनोज अकेला नहीं था, उसके परिजन भी उसके साथ थे। लिखित में आवेदन दिया, जिस पर डीएसपी ने कार्यवाही का भरोसा दिलाया है।
पुलिस कराएगी काउंसिलिंग
डीएसपी पूनम थापा ने कहा कि एक युवक अपनी पत्नी की शिकायत लेकर आया था। इस मामले में हमने उसकी बात सुनी। पत्नी को बुलवाया है। नोटिस भेजा है। दोनों को बिठाकर काउंसिलिंग करेंगे। दोनों के आपसी विवाद को सुलझाने की कोशिश करेंगे।
इससे पहले भी आए हैं मामले
भिंड का यह मामला पहला नहीं है। इससे पहले छतरपुर, ग्वालियर और राजगढ़ से भी फरवरी में ऐसी खबरें आई थी, जहां पतियों ने पुलिस की शरण ली थी।